किसानों ने देश को खाद्य सुरक्षा दी, लेकिन उन्हें धोखा दिया गया : राहुल गांधी
राहुल गांधी ने अपने हालिया पंजाब एवं हरियाणा दौरे से जुड़ा वीडियो शेयर करते हुए एक ट्वीट किया किसानों ने देश को खाद्य सुरक्षा दी और मोदी सरकार ने किसानों को सिर्फ धोखा दिया। लेकिन अब और नहीं।
नई दिल्ली, प्रेट्र। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कृषि संबंधी कानूनों को लेकर मंगलवार को केंद्र सरकार पर फिर निशाना साधा और आरोप लगाया कि किसानों ने देश को खाद्य सुरक्षा दी, लेकिन मोदी सरकार ने उन्हें सिर्फ धोखा दिया।
उन्होंने अपने हालिया पंजाब एवं हरियाणा दौरे से जुड़ा वीडियो शेयर करते हुए ट्वीट किया, 'किसानों ने देश को खाद्य सुरक्षा दी और मोदी सरकार ने किसानों को सिर्फ धोखा दिया। लेकिन अब और नहीं।' पिछले दिनों कांग्रेस नेता ने कृषि कानूनों के विरोध में पंजाब और हरियाणा में 'खेती बचाओ यात्रा' निकाली थी।
किसानों ने देश को खाद्य सुरक्षा दी और मोदी सरकार ने किसानों को सिर्फ़ धोखा दिया।
लेकिन अब और नहीं। pic.twitter.com/rkaD2H1hd5— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) October 13, 2020
इससे पहले, राहुल गांधी ने जातिगत भेदभाव संबंधी एक वीडियो शेयर करते हुए ट्वीट किया, 'यह वीडियो उनके लिए है जो सच्चाई से भाग रहे हैं। हम बदलेंगे, देश बदलेगा।'
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले राहुल गांधी ने कृषि कानूनों के खिलाफ पंजाब में रैली निकाली थी, जिसमें वो ट्रैक्टर पर बैठे नजर आए थे। रैली के दौरान राहुल ने कहा था कि इन कानूनों की मदद से 23 अरबपतियों की नजर किसानों की जमीन और फसल पर है। राहुल गांधी ने कहा था कि वर्तमान सिस्टम में कुछ खामियां हैं। इन्हें बदलने की आवश्यकता है, लेकिन इसे नष्ट करने की जरूरत नहीं है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसे नष्ट करना चाहते हैं। राहुल रैली के दौरान जिस ट्रैक्टर में बैठे थे उसे पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष सुनील जाखड़ चला रहे थे। साथ में मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह भी बैठे थे।