भाजपा सांसद की ममता बनर्जी को चेतावनी- मोदी/दीदी= मोदी, हिसाब बराबर...!
ममता बनर्जी ने अपना धरना खत्म कर दिया। लेकिन दोनों ओर से आरोप-प्रत्यारोप का दौर खत्म नहीं हुआ है। भाजपा सांसद परेश रावल ने ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए एक ट्वीट किया है।
नई दिल्ली, जेएनएन। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और केंद्र सरकार इन दिनों आमने-सामने हैं। बीते 70 घंटों तक मोदी सरकार और ममता बनर्जी के बीच हाई वोल्टेज गतिरोध चला, जो सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद जाकर खत्म हुआ। ममता बनर्जी ने अपना धरना खत्म कर दिया। लेकिन दोनों ओर से आरोप-प्रत्यारोप का दौर खत्म नहीं हुआ है। भाजपा सांसद परेश रावल ने ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए एक ट्वीट किया है, जिसके अलग-अलग मायने निकाले जा रहे हैं।
परेश रावल अहमदाबाद पूर्व से भाजपा के सांसद हैं। उन्होंने ट्वीट किया- मोदी/दीदी= मोदी। इसका शीर्षक उन्होंने लिखा- हिसाब बराबर। एक सादे कागज पर लिखकर किये गए, इस ट्वीट का देखकर आप अंदाजा लगा सकते हैं कि इसमें पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को निशाना बनाया गया है। दरअसल, ममता बनर्जी को प्यार से बंगाल में लोग दीदी कहते हैं। कुछ राजनेता भी उन्हें दीदी कहकर ही संबोधित करते हैं।
अब इस ट्वीट के मायने भी समझ लीजिए। परेश रावल ने लिखा है- मोदी/दीदी= मोदी और इसमें से उन्होंने 'दी' शब्द को दोनों जगह से काट दिया है। ऐसा लगता है परेश रावल यह कहना चाह रहे हैं कि यदि ममता बनर्जी और नरेंद्र मोदी के बीच जंग में जीत मोदी की होगी और दीदी को हार का मुंह देखना पड़ेगा। इसे भाजपा सांसद की दीदी को चेतावनी भी कहा जा सकता है। परेश रावल का ये ट्वीट गणित का कोई फॉमूला लगता है, लेकिन ऐसा है नहीं।
सारधा चिटफंड घोटाले में कोलकाता पुलिस आयुक्त राजीव कुमार से सीबीआइ पूछताछ प्रकरण पर मंगलवार सुबह सुप्रीम कोर्ट का निर्देश आने के कुछ ही घंटे बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इसे अपनी 'नैतिक जीत' बताते हुए धरना खत्म कर दिया। हालांकि उन्होंने विपक्षी एकजुटता बनाए रखने की जुगत से अब इस आंदोलन को दिल्ली ले जाने का एलान किया है।
ममता 13 व 14 फरवरी को 23 विपक्षी दलों के नेताओं के साथ देश की राजधानी में धरना देंगी। धर्मतल्ला के मेट्रो चैनल में 45 घंटे तक चले धरने के खत्म होने से पहले मंगलवार को आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू उनसे मिलने पहुंचे। नायडू से सलाह-मशविरा कर ममता ने धरना खत्म कर दिया। वहीं बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री एवं राजद नेता तेजस्वी यादव सोमवार की तरह मंगलवार को भी ममता से आकर मिले। ममता ने धरना मंच से नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा देकर गुजरात चले जाने को कहा।
गौरतलब है कि ममता बनर्जी सरकार को सुप्रीम कोर्ट से तगड़ा झटका लगा है। सुप्रीम कोर्ट ने सारदा चिटफंड घोटाले में पूछताछ के लिए कोलकाता पुलिस कमिश्नर राजीव कुमार को सीबीआई के सामने पेश होने का आदेश दिया है। शीर्ष अदालत ने साथ ही यह साफ किया राजीव की फिलहाल गिरफ्तारी नहीं होगी। अदालत ने साथ ही राज्य के मुख्य सचिव, डीजीपी और कोलकाता पुलिस कमिश्नर को मानहानि का भी नोटिस भेजा है।
पश्चिम बंगाल की 42 सीटों का है खेल
पश्चिम बंगाल में 42 संसदीय सीटें हैं। 2014 लोकसभा चुनाव में तृणमूल उनमें से 34 सीटें हासिल कर लोकसभा में तीसरी सबसे पार्टी बनी थी। ऐसे में 2019 लोकसभा चुनाव में अगर तृणमूल इससे अच्छा कुछ करती है तो किंगमेकर होने के साथ ममता की पीएम उम्मीदवारी भी मजबूत होगी, लेकिन 2011 विधानसभा चुनाव के बाद भाजपा यहां मुख्य विपक्षी दल बन कर उभरी। 2014 लोकसभा चुनाव में स्थिति और मजबूत हुई। पहली बार भाजपा को पश्चिम बंगाल से दो सीटें मिलीं। अब भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने 2019 चुनाव के लिए बंगाल से 23 सीटों का लक्ष्य तय किया है। ऐसे में यहां संघर्ष तो होना ही था, सो हो रहा है।