यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 02, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
महाराष्ट्र सरकार में मंत्री नवाब मलिक ने एनसीबी अधिकारी समीर वानखेड़े के कपड़ों और जूतों की कीमत बताई
Maharashtra News नार्कोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) अधिकारी समीर वानखेड़े पर लगातार आरोप लगाते आ रहे राकांपा प्रवक्ता एवं महाराष्ट्र सरकार ...और पढ़ें

राज्य ब्यूरो, मुंबई। नार्कोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) अधिकारी समीर वानखेड़े पर लगातार आरोप लगाते आ रहे राकांपा प्रवक्ता एवं महाराष्ट्र सरकार में मंत्री नवाब मलिक ने समीर के कपड़ों और जूतों की कीमत को लेकर उन्हें कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने समीर की बहन के ड्रग डीलरों से भी संबंध बताने की कोशिश की। नवाब मलिक ने कहा कि समीर वानखेड़े दो लाख रुपए जूते पहने देखे जा सकते हैं। उनकी शर्ट की कीमत 50 हजार एवं टी-शर्ट्स की कीमत 30 हजार तक होती है। वह एक लाख रुपए की पैंट और 20 लाख रुपए की घड़ियां पहनते हैं।
समीर वानखेड़े पर तरह-तरह के आरोप लगाते आ रहे हैं नवाब मलिक
उन्होंने सवाल किया कि क्या कोई ईमानदार सरकारी अधिकारी अपने सामान्य वेतन में इतनी महंगी वस्तुएं इस्तेमाल कर सकता है ? क्या एनसीबी के डिप्टी डायरेक्टर ज्ञानेश्वर सिंह भी कभी इतने महंगे कपड़े पहने हुए देखे जाते हैं ? नवाब मलिक के अनुसार यदि यह रहन-सहन किसी ईमानदार अधिकारी का हो सकता है, तो मैं चाहूंगा कि देश का हर अधिकारी ऐसा ही ईमानदार हो।
बता दें कि समीर वानखेड़े शाह रुख खान के पुत्र आर्यन खान ड्रग्स मामले में जांच का नेतृत्व कर रहे हैं। यह मामला सामने आने के बाद से ही नवाब मलिक समीर वानखेड़े पर तरह-तरह के आरोप लगाते आ रहे हैं। उनके द्वारा लगाए गए आरोपों एवं आर्यन मामले के एक स्वतंत्र गवाह द्वारा प्रस्तुत एक हलफनामे के आधार पर अब मुंबई पुलिस एवं एनसीबी की विजिलेंस टीम वानखेड़े की जांच कर रही है।
समीर की बहन यास्मीन को लेडी डान बताया
नवाब मलिक ने मंगलवार को समीर की वकील बहन यास्मीन वानखेड़े पर उन्हें लेडी डान बताते हुए आरोप लगाया कि ड्रग मामलों में समीर द्वारा पकड़े गए लोगों के केस वह लड़ती हैं। मलिक ने इस संबंध में कुछ वाट्सएप्प चैट्स भी सार्वजनिक किए। जिसका जवाब देते हुए खुद यास्मीन ने कहा कि आप एक ईमानदार अधिकारी पर जिस तरह के आरोप लगा रहे हैं, उससे भविष्य में कोई अधिकारी ठीक से काम करने की हिम्मत नहीं जुटा पाएगा।
यास्मीन ने महिलाओं के लिए नवाब मलिक द्वारा उपयोग किए जा रहे शब्दों की भी भर्त्सना की। खुद समीर वानखेड़े ने नवाब के आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि मेरे द्वारा पकड़े गए सलमान नामक एक व्यक्ति ने अपना मुकदमा लड़ने के लिए मेरी बहन से संपर्क किया था। चूंकि वह एनडीपीएस एक्ट के मुकदमे नहीं लड़तीं, इसलिए उन्होंने वह मुकदमा लड़ने से साफ मना कर दिया था। इस प्रकार के झूठे आरोप लगाने के लिए समीर ने भी नवाब मलिक की निंदा की है।
