Maharashtra Politics: डिप्टी सीएम फडणवीस बोले- हां, महाराष्ट्र में 'ED' की सरकार है, बताया क्या है इसका मतलब
महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने विरोधियों पर कड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में ED की सरकार है। फडणवीस ने इसका मतलब भी समझाया। महाराष्ट्र विधानसभा की कार्यवाही के दौरान विपक्षी सदस्यों ने ED-ED के नारे लगाए थे।
नई दिल्ली, आनलाइन डेस्क। महाराष्ट्र विधानसभा में एकनाथ शिंदे की सरकार ने बहुमत परीक्षण पास कर लिया है। विधानसभा में फ्लोर टेस्ट के दौरान शिंदे की सरकार को 164 वोट मिले, जबकि विरोध में 99। विश्वास मत जीतने के बाद राज्य के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने विधानसभा में अपना संबोधन दिया। उन्होंने कहा कि राज्य में ED की सरकार है। उन्होंने ED का मतलब भी बताया।
दरअसल, रविवार को महाराष्ट्र विधानसभा की कार्यवाही के दौरान विपक्षी सदस्यों ने ED-ED के नारे लगाए थे। विपक्ष के इन नारों का फडणवीस ने अपने अंदाज में जवाब दिया है।
'महाराष्ट्र में ED की सरकार'
फडणवीस ने अपने संबोधन में कहा कि महाराष्ट्र में ईडी की सरकार है। E का मतलब Eknath Shinde और D का मतलब Devendra Fadnavis है। फडणवीस ने कहा कि राजनीति में विरोधियों की आवाज सुनने के लिए सभी को तैयार रहना चाहिए। हमने देखा कि सोशल मीडिया पर बयान देने और पोस्ट करने के लिए लोगों को जेल में डाल दिया गया। हमें उचित तरीके से आलोचना का जवाब देना चाहिए।
'मैं वापस आया, शिंदे को साथ लाया'
फडणवीस ने ये भी कहा कि मैंने कहा था कि मैं वापस आऊंगा, लेकिन जब मैंने ऐसा कहा तो कई लोगों ने मेरा मजाक उड़ाया। मैं आज वापस आया हूं और एकनाथ शिंदे को अपने साथ लाया हूं। मैं उन लोगों से बदला नहीं लूंगा जिन्होंने मेरा मजाक उड़ाया था। महाराष्ट्र में 2019 में हुए विधानसभा चुनाव से पहले फडणवीस ने कहा था, 'मैं वापस आऊंगा।' इसको लेकर फडणवीस को ट्रोल भी किया गया था।
मैंने कहा था कि मैं वापस आऊंगा, लेकिन जब मैंने ऐसा कहा तो कई लोगों ने मेरा मजाक उड़ाया। मैं आज वापस आया हूं और उन्हें (एकनाथ शिंदे) अपने साथ लाया हूं। मैं उन लोगों से बदला नहीं लूंगा, जिन्होंने मेरा मजाक उड़ाया: महाराष्ट्र उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडनवीस pic.twitter.com/5wcQBiOj71
— ANI_HindiNews (@AHindinews) July 4, 2022
विश्वास मत के दौरान 22 विधायक रहे गैर हाजिर
विश्वास मत के दौरान सोमवार को विधानसभा से 22 विधायक गैरहाजिर रहे। इनमें सबसे ज्यादा विधायक कांग्रेस के थे। कांग्रेस के 10 सदस्यों ने वोटिंग में हिस्सा नहीं लिया। जितेश अंतापुरकर, जीशान सिद्दीकी, प्रणीति शिंदे, अशोक चव्हाण, विजय वडेट्टीवार, धीरज देशमुख, कुणाल पाटिल, राजू आवाले, मोहनराव हम्बर्दे और शिरीष चौधरी वोटिंग से नदारद रहे।
विधानसभा में विपक्ष के नेता होंगे अजित पवार
एनसीपी के अजित पवार को महाराष्ट्र में विपक्ष का नेता बनाया गया है। एनसीपी विधायक दल के नेता जयंत पाटिल ने उनका नाम प्रस्तावित किया और इसे विधानसभा ने मंजूरी दे दी।