मध्य प्रदेश की कांग्रेस सरकार में अटल को याद कर मनाया गया सुशासन दिवस
सोमवार को अटल के जन्मदिन के एक दिन पहले मंत्रालय के सामने स्थित वल्लभ भाई पटेल पार्क में मुख्य सचिव बीपी सिंह ने कर्मचारियों को सुशासन की शपथ दिलाई।
भोपाल, जेएनएन। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिन पर मध्य प्रदेश में सुशासन की शपथ लेते हुए अधिकारियों-कर्मचारियों का दृश्य हर साल की तरह ही था, लेकिन ध्यान देने वाली बात यह थी कि ये सबकुछ भाजपा की नहीं, बल्कि कांग्रेस सरकार में हो रहा था। वाजपेयी के जन्मदिन को सुशासन सप्ताह के रूप में मनाने के कांग्रेस सरकार के फैसले को बड़े कदम के रूप में देखा जा रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी कांग्रेस सरकार के इस कदम का स्वागत किया है।
सोमवार को अटल के जन्मदिन के एक दिन पहले मंत्रालय के सामने स्थित वल्लभ भाई पटेल पार्क में मुख्य सचिव बीपी सिंह ने कर्मचारियों को सुशासन की शपथ दिलाई। कर्मचारियों को सुशासन के उच्चतम मानदंडों का पालन करने, पारदर्शी, सहभागी, जनकल्याण और जवाबदेही से कार्य करने की भी शपथ दिलाई गई।
शपथ से पहले मुख्य सचिव ने अटलजी की फोटो पर माल्यार्पण किया। इस दौरान सामान्य प्रशासन विभाग के अपर मुख्य सचिव प्रभांशु कमल, गृह विभाग के प्रमुख सचिव मलय श्रीवास्तव, पशुपालन विभाग के अपर मुख्य सचिव मनोज श्रीवास्तव, जनजाति विभाग के प्रमुख सचिव एसएन मिश्रा और वित्त विभाग के प्रमुख सचिव अनुराग जैन सहित कई अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।
शपथ का महत्व बढ़ा
अटलबिहारी वाजपेयी के नाम पर सुशासन की शपथ का इस बार इसलिए महत्व बढ़ गया, क्योंकि इस बार राज्य में कांग्रेस की सरकार है। हालांकि, केंद्र सरकार के स्तर पर सुशासन दिवस मनाया जाता है और अटल के चित्र के आगे कर्मचारियों-अधिकारियों की शपथ होती है। ऐसे ही सरकारी कार्यक्रम स्व. इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि और स्व. राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर भी होते आए हैं।
राजनैतिक नहीं, चारित्रिक रणनीति
अटल के जन्मदिन को सुशासन दिवस के रूप में मनाने के फैसले को कांग्रेस राजनीतिक रणनीति नहीं मानती। प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के उपाध्यक्ष भूपेंद्र गुप्ता ने कहा कि यह कांग्रेस की चारित्रिक रणनीति है। केंद्र की भाजपा सरकार ने पिछले साढ़े चार साल में सिर्फ महापुरुषों को बुरा-भला कहा है। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का जन्मदिन मनाने से इन्कार कर दिया, लेकिन महापुरुषों का अपमान करना कांग्रेस के डीएनए में नहीं है। अटलजी ने देश की सेवा की है। वह देश के महापुरुष हैं, इसलिए उनका जन्मदिन मना रहे हैं।