Move to Jagran APP

Lok Sabha Election: उत्तर प्रदेश के चुनावी रण में उतरेंगे राहुल और प्रियंका, आज हो सकता है उम्मीदवारी का औपचारिक एलान

उत्तर प्रदेश में लोकसभा के चुनावी रण में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा का उतरना तय हो गया है। पार्टी की ओर से बेशक अभी इसका औपचारिक एलान नहीं किया गया है मगर शनिवार रात हुई कांग्रेस केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में एक सुर से पार्टी नेताओं ने राहुल और प्रियंका के चुनाव मैदान में उतरने की पैरोकारी की।

By Sanjay Mishra Edited By: Sonu Gupta Sun, 28 Apr 2024 12:29 AM (IST)
Lok Sabha Election: उत्तर प्रदेश के चुनावी रण में उतरेंगे राहुल और प्रियंका, आज हो सकता है उम्मीदवारी का औपचारिक एलान
उत्तर प्रदेश के चुनावी रण में उतरेंगे राहुल और प्रियंका। फाइल फोटो।

संजय मिश्र, नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश में लोकसभा के चुनावी रण में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा का उतरना तय हो गया है। पार्टी की ओर से बेशक अभी इसका औपचारिक एलान नहीं किया गया है मगर शनिवार रात हुई कांग्रेस केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में एक सुर से पार्टी नेताओं ने राहुल और प्रियंका के चुनाव मैदान में उतरने की पैरोकारी की।

रायबरेली लोकसभा सीट से उतर सकती हैं प्रियंका

चुनाव समिति ने पार्टी के इन दोनों सबसे हाई प्रोफाइल नेताओं की उम्मीदवारी का अंतिम फैसला कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे पर छोड़ दिया मगर पार्टी से मिले संकेतों से साफ है कि राहुल गांधी अपनी पूर्व की परंपरागत सीट अमेठी से फिर से ताल ठोकेंगे। वहीं प्रियंका गांधी वाड्रा अपनी मां सोनिया गांधी की परंपरागत रायबरेली लोकसभा सीट की विरासत कायम रखने के लिए चुनावी मैदान में उतरेंगी।

इस दिन हो सकता है आधिकारिक एलान

पार्टी के उच्चपदस्थ सूत्रों के अनुसार राहुल और प्रियंका की उत्तर प्रदेश से चुनाव लड़ने का आधिकारिक एलान रविवार को किए जाने के प्रबल आसार हैं। कांग्रेस चुनाव समिति की बैठक में अमेठी और रायबरेली सीट के लिए नाम भले तय नहीं हुआ और अंतिम फैसला खरगे पर छोड़ दिया गया मगर तथ्य यह भी है कि इन दोनों सीटों पर पार्टी की ओर से कोई और नाम नहीं दिया गया है।

खरगे लेंगे अंतिम फैसला

उत्तर प्रदेश कांग्रेस की ओर से भी इन दोनों सीटों के लिए राहुल और प्रियंका का नाम प्रस्तावित करते हुए उनसे चुनाव लड़ने का आग्रह किया गया है। समझा जाता है कि चुनाव समिति की बैठक में मौजूदा सभी सदस्यों ने इससे सहमति जाहिर करते हुए राहुल और प्रियंका को उम्मीदवार बनाने का समर्थन किया। हालांकि, गांधी परिवार से जुड़ी इन दोनों सीटों की राजनीतिक संवेदनशीलता को देखते हुए फैसले का जिम्मा खरगे पर छोड़ दिया गया।

पार्टी से जुड़े उच्चपदस्थ सूत्र ने चुनाव समिति की बैठक के बाद पूछे जाने पर कहा कि उत्तर प्रदेश के चुनावी रण में हमारे दोनों दिग्गजों का उतरना तय हो गया है और रविवार को इसकी घोषणा होने की पुख्ता संभावना है। उनके अनुसार, अमेठी व रायबरेली से पार्टी नेताओं की उम्मीदवारी के एलान के बाद सूबे के चुनावी रण का रोमांच न केवल बढ़ेगा बल्कि भाजपा के इस दुष्प्रचार की हवा निकल जाएगी कि राहुल उत्तर प्रदेश के चुनावी रण से भाग रहे थे।

वायनाड सीट से चुनावी मैदान में हैं राहुल गांधी

केरल के वायनाड सीट पर 26 अप्रैल को दूसरे चरण में मतदान हुआ जहां से राहुल गांधी दूसरी बार चुनाव लड़ रहे हैं। अमेठी से तीन बार सांसद रहे राहुल गांधी 2019 के चुनाव में भाजपा नेत्री महिला बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी से हार गए थे। हालांकि, वायनाड में उन्हें चार लाख से भी अधिक मतों से भारी जीत मिली थी।

बूथ स्तर पर की जा रही तैयारियां

स्मृति इस बार भी चुनाव मैदान में उतर अपने अभियान को गति देने में जुटी हैं और कांग्रेस के शीर्ष नेताओं की उम्मीदवारी के औपचारिक एलान का अभी इंतजार है। वैसे तथ्य यह भी है कि कांग्रेस के चुनाव प्रबंधन का तंत्र अमेठी और रायबरेली में पहले से ही सक्रिय है और बूथ स्तर पर तैयारियों को इस बार पुख्ता किया जा रहा है।

सपा का समर्थन मिलने की उम्मीद

कांग्रेस रणनीतिकारों के अनुसार, अमेठी में पिछले चुनाव के नतीजों को पलटने के लिए इस बार कोई कसर बाकी नहीं रखा जाएगा। वहीं, पार्टी का मानना है कि रायबरेली में प्रियंका के उतरने के बाद गांधी परिवार के लिए अपने इस परंपरागत गढ़ को बनाए रखने की चुनौती बहुत मुश्किल नहीं होगी। उत्तर प्रदेश में कांग्रेस और सपा का चुनावी गठबंधन है, ऐसे में इन दोनों सीटों पर सपा के संगठनात्मक ढांचे का भी पूरा समर्थन मिलेगा। 

यह भी पढ़ेंः MSC Aries Ship: ईरान में फंसे 16 भारतीयों की कब होगी रिहाई? ईरानी विदेश मंत्री ने दिया यह बड़ा अपडेट

यह भी पढ़ेंः वायु रक्षा प्रणाली को चकमा देने वाली मिसाइलों से लैस हुए लड़ाकू विमान, सुपरसोनिक गति से मार कर सकती है रैंपेज