लालू से मिलकर तेजस्वी बोले, झारखंड जीता अब बिहार की बारी; दिल्ली में चुनाव लड़ेगा राजद
Lalu Prasad Yadav रांची के रिम्स में अपनी गंभीर बीमारियों का इलाज करा रहे राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव से तेजस्वी यादव ने मुलाकात की।
रांची, जेएनएन। Lalu Prasad Yadav बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा है कि उनके पिता लालू यादव झारखंड में हेमंंत सोरेेन के नेतृत्व में बनने वाली नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल नहीं होंगे। बुधवार को रांची के रिम्स में अपने पिता से मुलाकात के बाद तेजस्वी ने लालू के स्वास्थ्य पर चिंता जाहिर की। तेजस्वी ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि राजद दिल्ली में होने वाले विधानसभा चुनाव लड़ेगा, पिता लालू प्रसाद यादव से दिल्ली चुुुुनाव की तैयारी में जी-जान से जुुुटने का निर्देश मिला है। दिल्ली में भी कांग्रेस के साथ गठबंधन कर चुनाव लड़ा जाएगा।
बिहार के चुनाव को लेकर भी लालू प्रसाद यादव ने जनता को संदेश दिया है। जिन लोगों ने धर्मनिरपेक्षता का चोला पहनकर जनादेश का अपमान किया है, बिहार की जनता उनको सबक सिखाएगी। राष्ट्रीय जनता दल के कार्यकर्ताओं को संदेश दिया है कि जिस प्रकार से झारखंड में कार्यकर्ताओं ने मेहनत की है, उससे 4 गुना मेहनत बिहार में करें। 2020 के अक्टूबर में जो चुनाव होंगे, उसकी पूरी तैयारी करें।
कार्यकर्ता अभी से ही हर जगह काम करें और समाज के हर वर्ग और सभी धर्म के लोगों को साथ लेकर चलें। केंद्र सरकार के एनआरसी पर तेजस्वी ने कहा कि यह बेकार का कानून है। गलत नीतियों के कारण झारखंड में भाजपा को सत्ता से हाथ धोना पड़ा। वादा पूरा नहीं किया गया, जनता को झूठ बोलकर बरगलाया, घमंड के साथ सत्ता चलाया और इसका नतीजा झारखंड में देखने को मिला।
झारखंड की जनता ने फैसला दे दिया है, अब बिहार की बारी है। बिहार के लोगों ने भी मन बना लिया है कि जनादेश का अपमान करने वाली नीतीश कुमार सरकार को सबक सिखाएंगे। बहुमत में होते हुए भी नीतीश सरकार वैसाखी पर है। झारखंड कैबिनेट में मंत्री पद के सवाल पर उन्होंने कहा कि हम गठबंधन में हैं तो सरकार में भी जरूर शामिल होंगे।
चारा घोटाले के चार मामलों के सजायाफ्ता लालू प्रसाद यादव रिम्स में अपनी गंभीर बीमारियों का इलाज करा रहे हैं। वे पेईंग वार्ड में भर्ती हैं। लालू प्रसाद से शनिवार को अधिक से अधिक तीन लोग मुलाकात कर सकते हैं। बुधवार को तेजस्वी यादव जेल प्रबंधन से विशेष अनुमति लेकर अपने पिता लालू प्रसाद से मिलने पहुंचे।