कर्नाटकः कांग्रेस का आरोप- स्पीकर को भाजपा ने दिया इस काम के लिए 50 करोड़ का ऑफर
कर्नाटक में कांग्रेस ने भाजपा पर कुमारस्वामी सरकार को गिराने के लिए साजिश रचने का आरोप लगाया है।
बेंगलुरू, एएनआइ। कर्नाटक में कांग्रेस ने भाजपा पर कुमारस्वामी सरकार को गिराने के लिए साजिश रचने का आरोप लगाया है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल ने एक कथित ओडियो क्लिप का हवाला देते हुए कहा कि बागी विधायकों को अयोग्य नहीं ठहराने के लिए विधानसभा अध्यक्ष को 50 करोड़ देने की पेशकश की गई।कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि भाजपा कर्नाटक सरकार को अस्थिर करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने आऱोप लगाया कि इस खेल में पीएम मोदी और अमित शाह भी शामिल हैं। सुरजेवाला ने भाजपा से सवाल पूछा कि विधायकों को जो करोड़ों के ऑफर दिए जा रहे हैं वह ब्लैक मनी है या नही?'
विधायकों को मंत्री बनाने का दिया ऑफर
केसी वेणुगोपाल ने शनिवार को प्रेस कांफ्रेंस कर भाजपा पर एक के बाद एक कई गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और प्रधानमंत्री मोदी का सिर्फ एक ही लक्ष्य है- हर कीमत पर सत्ता। उन्होंने कहा कि भाजपा बीएस येदियुरप्पा ने सरकार गिराने के लिए प्रति विधायक को 10 करोड़ का ऑफर दिया, इसकी जानकारी 18 विधायकों ने पार्टी को भी दी है। वेणुगोपाल ने कहा कि बीएस येदियुरप्पा ने 12 विधायकों को मंत्री बनाने का ऑफर दिया, जबकि 6 विधायकों को विभिन्न बोर्डो में चेयरमैन बनाने का ऑफर दिया। उन्होंने कहा कि हमारे विधायकों को कुल मिलाकर करीब दो सौ करोड़ रुपये का ऑफर भाजपा ने दिया, ताकि कर्नाटक में गठबंधन की सरकार को अस्थिर किया जा सके। कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि भाजपा बताए आखिर 200 करोड़ रुपये कहां से आये।
कुमारस्वामी ने जारी किया था ओडियो क्लिप
इससे पहले कर्नाटक के मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी ने दावा किया था कि भारतीय जनता पार्टी के नेता बीएस येदियुरप्पा विधायकों की खरीद फरोख्त में लगे हुए हैं। कुमारस्वामी ने अपने दावे के समर्थन में एक ऑडियो क्लिप भी जारी किया था। कुमारस्वामी द्वारा जारी ऑडियो क्लिप में बीएस येदियुरप्पा और जेडीएस विधायक नगनागौड़ा कांडकुर के बेटे शरना की बातचीत कर रहे हैं। इसमें येदियुरप्पा उनके पिता को 25 लाख और मंत्री पद देने का प्रस्ताव दे रहे हैं।
बहुमत के लिए चाहिए 113 सीटों का आंकड़ा
गौरतलब है कि 224 सीटों वाली कर्नाटक विधानसभा में बहुमत के लिए 113 का आंकड़ा चाहिए। दो विधायकों के इस्तीफा देने के बाद अभी कांग्रेस-जेडीएस सरकार 118 के आंकड़े पर है। हालांकि, कर्नाटक के सीएम लगातार कह रहे हैं कि वे सरकार को लेकर निश्चिंत हैं। वहीं, कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सिद्धारमैया भाजपा के स्थानीय से लेकर शीर्ष नेताओं तक पर सरकार को गिराने के लिए साजिश का आरोप लगा रहे हैं। दरअसल, कर्नाटक में कांग्रेस और जदएस ने मिलकर सरकार तो बना ली थी, लेकिन उनके पास बड़ा बहुमत नहीं है। ऐसे में अगर कुछ विधायकों ने इस्तीफा दिया तो दिक्कत बढ़ जाएगी।