बेंगलुरु से छिनेगी 'एयरो इंडिया' शो की मेजबानी! कुमारस्वामी ने केंद्र पर साधा निशाना
कुमारस्वामी ने इस मुद्दे पर केंद्र सरकार से जवाब मांगते हुए कहा कि बेंगलुरु इस शो के लिए सबसे उचित स्थान है क्योंकि यहां सभी बुनियादी ढांचे हैं।
बेंगलुरु, एएनआई। 'एयरो इंडिया' शो के आयोजन स्थल को शिफ्ट किए जाने की खबरों के बीच इस मुद्दे पर राजनीति शुरू हो गई है। कर्नाटक सरकार ने 22वां एयरो इंडिया शो के शिफ्ट किए जाने को लेकर रक्षा मंत्रालय से अपनी नाराजगी जाहिर की है।
राज्य के मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी ने इस मुद्दे पर केंद्र सरकार से जवाब मांगते हुए कहा कि बेंगलुरु इस शो के लिए सबसे उचित स्थान है क्योंकि यहां सभी बुनियादी ढांचे हैं। कुमारस्वामी ने पत्रकारों से कहा 'कर्नाटक में हमारे भाजपा साथियों को इसका जवाब देना चाहिए। हमने रक्षा मंत्री से बातचीत कर एयरो इंडिया शो के आयोजन के लिए अनुरोध किया है। मुझे नहीं पता केंद्र सरकार ने ये निर्णय क्यों लिया।'
इसके अलावा कर्नाटक के उप मुख्यमंत्री जी परमेश्वर ने भी ट्वीट कर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद से कर्नाटक डिफेंस हब रहा है। लेकिन, एनडीए के शासन में राज्य की महत्वपूर्ण रक्षा परियोजनाएं अन्य राज्यों को दे दी जा रही हैं।
गौरतलब है कि पिछला एयरो इंडिया शो पिछले साल बेंगलुरु में हुआ था। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, इस बार ये शो नवंबर या दिसंबर में लखनऊ में किया जा सकता है।