कर्नाटक सरकार एक बार में माफ करेगी किसानों का कर्ज, सरकार को घेरने लगे थे किसान
किसान यह आरोप लगाने लगे थे कि कुमारस्वामी सरकार ने किसानों के खाते में लोकसभा चुनाव जीतने के लिए पैसे जमा कराए थे और जब हार गए तो उसे वापस ले लिए।
बेंगलुरु, एएनआइ/आइएएनएस। कर्जमाफी में चूक की रिपोर्ट के बीच मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी की नेतृत्व वाली कर्नाटक सरकार ने राष्ट्रीयकृत बैंकों से लिए गए सभी योग्य कृषि कर्ज को एक बार में माफ करने का निर्णय लिया है।
अधिकारी ने गुरुवार को बताया, 'राजस्व विभाग ने वाणिज्यिक बैंकों को बीज व खाद की खरीद के लिए किसानों द्वारा लिए गए कर्ज को माफ करने का निर्देश दिया है। पिछले साल भीषण सूखा के कारण किसान कर्ज नहीं चुका पाए थे।'
ऑडिट के दौरान बुधवार को कर्ज के लिए अयोग्य पाए जाने पर 13,988 किसानों के खाते से पैसे वापस हो गए थे। इसके बाद किसान यह आरोप लगाने लगे थे कि कुमारस्वामी सरकार ने किसानों के खाते में लोकसभा चुनाव जीतने के लिए पैसे जमा कराए थे और जब हार गए तो उसे वापस ले लिए। इन आरोपों और चर्चाओं से चिंतित राज्य सरकार ने बुधवार को एक बार में कृषि कर्ज माफ करने का आदेश जारी किया।
उल्लेखनीय है कि कुमारस्वामी की नेतृत्व वाली जदएस सरकार ने वर्ष 2018 में सत्ता में आने के बाद कृषि कर्ज माफ करने की घोषणा की थी। इसके तहत अधिकतम दो लाख रुपये तक के कृषि कर्ज की चार किस्तों में अदायगी की जानी थी।
कुमारस्वामी कैबिनेट का विस्तार आज, दो नए मंत्री हो सकते हैं शामिल
कर्नाटक के मुख्यमंत्री एचडी कुमार स्वामी शुक्रवार को मंत्रिमंडल विस्तार करेंगे। कैबिनेट में सिर्फ दो मंत्रियों को ही शामिल किया जाएगा। निर्दलीय विधायक नागेश और केपीजेपी विधायक आर. शंकर के मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने की संभावना सबसे ज्यादा है।
राज्यपाल वजूभाई वाला नए मंत्रियों को राजभवन में दोपहर एक बजे शपथ दिलाएंगे। राज्य में कुल 34 मंत्री हो सकते हैं। गठबंधन की शर्तो के अनुसार 22 मंत्री कांग्रेस और 12 जदएस कोटे से होंगे। फिलहाल, तीन पद खाली हैं। इनमें दो जदएस और एक कांग्रेस के शामिल हैं।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप