कर्नाटक कांग्रेस के प्रमुख डीके शिवकुमार समेत अन्य कई बड़े नेताओं ने दी भारतीय जवानों को श्रद्धांजलि
कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे सिद्धारमैया दिनेश गुंडू राव और पार्टी के अन्य नेताओं ने गलवन घाटी में जान गंवाने वाले भारतीय जवानों को श्रद्धांजलि दी।
बेंगलुरु, एएनआइ। कर्नाटक कांग्रेस के प्रमुख डीके शिवकुमार, कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे, सिद्धारमैया, दिनेश गुंडू राव और पार्टी के अन्य नेताओं ने गलवन घाटी में भारत-चीन के बीच हुई झड़प में जान गंवाने वाले 20 भारतीय जवानों को श्रद्धांजलि दी। राजधानी दिल्ली समेत कई राज्यों में कांग्रेस, चीन से झड़प में बलिदान देने वाले बलिदानियों को श्रद्धांजलि दे रही है। आपको बता दें कि 15 जून को पूर्वी लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर अतिक्रमण को लेकर भारत और चीन की सेनाओं के बीच जारी तनातनी ने हिंसक झड़प का गंभीर रूप ले लिया था।
बता दें कि 10 दिन पहले पूर्वी लद्दाख में भारत और चीनी सैनिकों के बीच हिंसक झड़प हुई, इसमें भारत के 20 भारतीय सैनिकों की जान चली गई। वहीं, भारतीय की तरफ से पता चला कि चीनी पक्ष के भी झड़पों में 43 सैनिक मारे गए। भारतीय सेना के पूर्वी लद्दाख क्षेत्र में विघटन के लिए सोमवार को भारत और चीन के बीच मोल्डो में कोर कमांडर स्तर की वार्ता में, दोनों पक्षों ने आपसी सहमति बनाई है। इस बीच अमेरिकी विदेश मंत्री माइक पोंपियो ने भी चीन को खतरा बताया है।
उन्होंने कहा कि भारत और दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के लिए खतरा उत्पन्न कर रहे चीन के कारण उनका देश यूरोप से अपनी सेनाएं कम करके अन्य जगहों पर तैनात कर रहा है। पोंपियो से पूछा गया था कि जर्मनी से अमेरिका ने अपनी सेनाएं क्यों कम कर दी हैं। उनका जवाब था-क्योंकि उन्हें अन्य जगहों में भेजा जा रहा है। उन्होंने चीन को भारत और दक्षिणपूर्व एशिया के लिए खतरा बताया है। माइक पोंपियो से सवाल किया गया था कि जर्मनी में अमेरिकी सेना की टुकड़ी को क्यों घटा दिया गया। माइक ने कहा कि वहां से हटाकर सेना को दूसरी जगह तैनात किया जा रहा है। इससे एक बात साफ है कि अब चीन के खतरे से निपटने के लिए मेरिकी सेना की तैनाती हो सकती है।
इंडिया गेट पर हिरासत में लिए गए दिल्ली कांग्रेस चीफ अनिल चौधरी
दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अनिल कुमार चौधरी को शुक्रवार दोपहर इंडिया गेट पर हिरासत में ले लिया गया। आरोप है कि अनिल चौधरी बिना इजाजत कई कार्यकर्ताओं के साथ इंडिया गेट पर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि देने पहुंचे थे।
जागरण संवाददाता के मुताबिक, प्रदेश अध्यक्ष अनिल चौधरी शुक्रवार को भारत चीन सीमा पर गलवन घाटी पर वीरगति को प्राप्त भारतीय सेना के जवानों को इंडिया गेट पर श्रद्धांजलि देने पहुंचे थे। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, अनिल चौधरी को धारा 144 का उल्लंघन करने के कारण हिरासत में लिया गया है।