कमल नाथ ने कहा- एमपी में सौदे से सरकार बनी, सौदे से मंत्रिमंडल बना, सौदे से बांट रहे विभाग
उपचुनाव को लेकर कमल नाथ ने कहा कि मध्य प्रदेश की जनता भोली है मगर बहुत समझदार है। जनता जानती है कि कहां गद्दारी हुई और क्या सौदा हुआ।
उज्जैन, राज्य ब्यूरो। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ ने भाजपा पर तंज कसते हुए कि सरकार सौदे से बनी, सौदे से मंत्रिमंडल बना और सौदे से ही विभाग बांटे जा रहे हैं। नाथ मंगलवार को उज्जैन आए थे। भगवान महाकाल के दर्शन कर नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात के दौरान पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने यह टिप्पणी की।
एमपी की जनता भोली है, मगर बहुत समझदार है- कमल नाथ
उपचुनाव को लेकर कमल नाथ ने कहा कि मध्य प्रदेश की जनता भोली है, मगर बहुत समझदार है। जनता जानती है कि कहां गद्दारी हुई और क्या सौदा हुआ। उमा भारती के खुद को मोगली बताने वाले बयान पर उन्होंने कहा कि जिन लोगों के पास कहने को कुछ नहीं बचता, वे इस तरह के बयान देते हैं। जनता सब जानती है कि कौन हाथी है, कौन बिल्ली है, कौन चूहा है।
कमल नाथ ने महाकाल मंदिर में किए दर्शन
कमल नाथ ने महाकाल मंदिर में दर्शन किए और नंदी से मनोकामना की। प्रशासन द्वारा सवारी मार्ग बदले जाने को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि ये सनातन धर्म का अपमान है। बता दें कि मार्ग परिवर्तन को लेकर विरोध हो चुका है।
बागियों को मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा
धार जिले के बदनावर में कमल नाथ ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि मैं महाराजा नहीं हूं, मैं टाइगर नही हूं, मैं मामा भी नहीं हूं, मैंने चाय नहीं बेची कभी। मैं तो कमल नाथ हूं, एक जनसेवक हूं। 15 साल बाद 15 महीने के लिए कांग्रेस की सरकार बनी। तब हमें ऐसा प्रदेश सौंपा जो किसानों की आत्महत्या, महिलाओं पर अत्याचार और बेरोजगारी में देश में नंबर वन था और झोली बिलकुल खाली थी। हमने फिर ठान लिया है कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनाई जाएगी। बागियों को मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।
कांग्रेस के भविष्य का सवाल- शिवराज सिंह
अब कांग्रेस के भविष्य का सवाल है। भगवान के साथ जनता की कृपा जरूरी कमल नाथ के बयान पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने टिप्पणी की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस, जहां से चाहे चुनाव प्रचार शुरू करें। चुनाव जीतने के लिए भगवान की कृपा के साथ-साथ जनता की कृपा की जरूरत होती है। जनता उन्हीं पर कृपा करती है जो उनके लिए बेहतर काम करे।