कर्नाटक उपचुनाव से दो दिन पहले कांग्रेस में शामिल हुए BJP प्रत्याशी, बताई ये वजह
भाजपा प्रत्याशी चंद्रशेखर ने गुरुवार को भाजपा छोड़ कांग्रेस में शामिल होने का एलान किया।
बेंगलुरु, आईएएनएस। कर्नाटक में होने वाले विधानसभा उपचुनाव से ठीक पहले भाजपा को जबरदस्त झटका लगा है। रामनगरा विधानसभा सीट पर तीन नवंबर को होने वाले उपचुनाव से पहले भाजपा प्रत्याशी ने पार्टी का दामन छोड़ कांग्रेस का हाथ थाम लिया है। भाजपा प्रत्याशी चंद्रशेखर ने गुरुवार को भाजपा छोड़ कांग्रेस में शामिल होने का एलान किया। हालांकि, चंद्रशेखर भाजपा में शामिल होने से पहले कांग्रेसी थे। वे 10 अक्टूबर को भाजपा में शामिल हुए थे।
चंद्रशेखर कांग्रेस में शामिल क्यों हुए, इसकी उन्होंने वजह भी बताई। उन्होंने बताया 'जब मैंने रामनगरा विधानसभा से उपचुनाव लड़ने का फैसला किया तो भाजपा नेताओं ने मुझे अपना समर्थन देने का वादा किया था। हालांकि, भाजपा का कोई भी नेता मेरे समर्थन में प्रचार करने नहीं आया। इसीलिए, मैंने भाजपा को छोड़ कांग्रेस में वापस जाने का फैसला किया।'
बता दें कि रामनगरा विधानसभा सीट पर राज्य के मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी अनिता कुमारस्वामी जेडीएस की टिकट पर अपनी किस्मत आजमा रही हैं। वहीं, चुनाव अधिकारी ने कहा कि वोटिंग से सिर्फ दो दिन पहले और उम्मीदवारी को वापस लेने के अंतिम दिन चंद्रशेखर ने ये फैसला किया है। ऐसे में उनका नाम ईवीएम मशीन में दर्ज रहेगा।
राज्य में तीन लोकसभा सीटों शिवमोगा, बेल्लारी और मांड्या जबकि दो विधानसभा सीटों रामनगरा एवं झामखांडी में उपचुनाव होने हैं। उपचुनाव के लिए वोटिंग तीन नवंबर को होगी, जबकि मतगणना छह नवंबर को होगी।