जदयू-भाजपा में खटास, नीतीश के नेता बोले- BJP अकेले चुनाव लड़कर देख ले पता चल जाएगा
भाजपा नेताओं पर जदयू नेता पवन वर्मा रविवार को जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि भाजपा राज्य में अकेले चुनाव लड़कर देख ले उसे अपनी लोकप्रियता का पता चल जाएगा।
नई दिल्ली, एएनआइ। बिहार में भाजपा-जदयू के बीच खटास बढ़ती जा रही है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार से समर्थन वापस लेने की धमकी देने वाले भाजपा नेताओं पर जदयू नेता पवन वर्मा रविवार को जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि भाजपा राज्य में अकेले चुनाव लड़कर देख ले, उसे अपनी लोकप्रियता का पता चल जाएगा।
भाजपा नेता दे रहे धमकी
नाराजगी जताते हुए पूर्व राज्यसभा सदस्य ने कहा, 'कुछ भाजपा नेता प्रदेश सरकार से समर्थन वापस लेने की धमकी दे रहे हैं। गठबंधन सरकार में इस तरह का व्यवहार कतई स्वीकार नहीं किया जा सकता।' बता दें कि भाजपा एमएलसी सच्चिदानंद राय ने शनिवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली सरकार पर कटाक्ष करते हुए केंद्रीय नेतृत्व से भाजपा-जदयू सरकार पर तुरंत फैसला लेने को कहा था।
भाजपा के पास अकेले चुनाव लड़ने के लिए पर्याप्त ताकत
राय ने यह भी दावा किया था कि भाजपा के पास अकेले चुनाव लड़ने के लिए पर्याप्त ताकत है। वर्मा और राय के परस्पर विरोधी बयान ऐसे समय में आए हैं जब बिहार में नवंबर 2020 में विधानसभा चुनाव होने हैं। बता दें कि केंद्रीय मंत्रिमंडल में सांकेतिक मौजूदगी का विरोध करते हुए जदयू केंद्र में भाजपा की अगुआई वाली राजग सरकार में शामिल नहीं हुई थी। लोकसभा चुनाव में राज्य में जदयू ने 16 जबकि भाजपा ने 17 सीटों पर जीत दर्ज की थी।