यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 23, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Book Review: 'मोदीत्व' के मर्म की एक व्याख्या है 'द आर्किटेक्ट आफ द न्यू बीजेपी', भाजपा के कायाकल्प की है कथा
यह पुस्तक भाजपा को सफलता के स्वर्णिम शिखर पर ले जाने में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की भूमिका का आकलन है। यह उनके द्वारा किए गए भाजपा के कायाकल्प की कथा है। यह किताब पीएम मोदी के व्यक्तित्व से जुड़े विभिन्न पहलुओं की गहराई से पड़ताल करती है।

प्रणव सिरोही: किसी चेहरे के दम पर एक चुनाव जीता जा सकता है। कोई क्षेत्रीय क्षत्रप कितना ही बड़ा महारथी क्यों न हो, लेकिन अपने क्षेत्र की परिधि से परे विस्तार नहीं कर पाता। फिर भारत जैसे विविधता वाले देश में तो यह और कठिन चुनौती बन जाती है। इसके बावजूद यदि कोई कच्छ से कामरूप और कश्मीर से कन्याकुमारी तक अपना परचम लहरा दे तो यह असाधारण उपलब्धि किसी साधारण व्यक्ति के बूते की बात नहीं। नरेन्द्र मोदी ने इसी अकल्पनीय कल्पना को साकार रूप दिया है।
महज कुछ क्षेत्रों और वर्गों की पार्टी मानी जाने वाली भाजपा को मोदी ने लगभग अखिल भारतीय स्वीकार्यता और सर्वसमावेशी बना दिया है। इसे संभव करना आसान नहीं था, लेकिन अपने व्यक्तित्व, सांगठनिक-रणनीतिक कौशल, दूरदर्शिता और परिश्रम-पुरुषार्थ के मिश्रण से उन्होंने सफलता का एक ऐसा दर्शन रच दिया है, जिसे 'मोदीत्व' कहना गलत नहीं होगा। इसी मोदीत्व की काट आज विपक्ष को सूझे नहीं सूझ रही है। वरिष्ठ पत्रकार एवं लेखक अजय सिंह ने अपनी सद्यप्रकाशित पुस्तक 'द आर्किटेक्ट आफ द न्यू बीजेपी' में भाजपा को स्वर्णिम सफलता के शिखर पर ले जाने में मोदी की इसी भूमिका का आकलन किया है कि उन्होंने किस प्रकार पार्टी का कायाकल्प किया।
यह किताब पीएम मोदी के व्यक्तित्व से जुड़े विभिन्न पहलुओं की गहराई से पड़ताल करते हुए भाजपा और उनकी समांतर विकास यात्रा पर ले जाती है। जब गुजरात में आंतरिक खींचतान के चलते उन्हें राज्य की राजनीति से 'किनारे' कर राष्ट्रीय संगठन में भेज दिया गया तो उन्होंने इस असहजता को भी सहजता से स्वीकार कर अपनी क्षमताओं को सिद्ध करने का संकल्प लिया। उन्हें पंजाब, हरियाणा एवं हिमाचल का प्रभार मिला था। पंजाब में अकालियों के साथ गठजोड़ के चलते पार्टी के लिए ज्यादा संभावनाएं नहीं थीं, लेकिन हिमाचल में भाजपा के पारंपरिक रूप से मजबूती के बावजूद नेतृत्व का पर्याय बन गए शांता कुमार की अपरिहार्यता से परे जाकर उन्होंने नए नेताओं की पांत तैयार कर दीर्घकालिक सफलता का व्यूह रचा। इसी प्रकार जाति और वर्गीय राजनीति के खांचों में फंसे हरियाणा में हाशिये पर रहने वाली भाजपा को जमीनी स्तर पर मजबूत करने वाले भी वही थे।
आरंभिक स्तर पर गठबंधन के माध्यम से अपेक्षित सफलता न मिलने पर उन्होंने पार्टी को अपने दम पर मजबूत बनाने की रणनीति बनाई। हर जिले में कार्यालय से लेकर उन्हें उस दौर में कप्यूटर और इंटरनेट से लैस करने की दूरदर्शिता मोदी ने दिखाई थी, जब इन शब्दों से लोग खासे परिचित भी नहीं थे। मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़ में संगठन विस्तार के माध्यम से भी उन्होंने अपनी क्षमताओं का लोहा मनवाया। संगठन महासचिव जैसे महत्वपूर्ण पद पर रहते हुए उन्होंने भाजपा और संघ के संबंधों में साम्य एवं संतुलन स्थापित करने वाले एक सार्थक सेतु की भूमिका निभाई। फिर जब भयावह भूकंप की विभीषिका के बाद विध्वंस के निशानों को मिटाने और जनता के जख्मों पर मरहम लगाने के लिए संकट काल में राज्य के मुख्यमंत्री की भूमिका सौंपी गई तो उन्होंने अपनी प्रशासनिक क्षमताओं का ऐसा अनुकरणीय प्रदर्शन किया कि तबसे न केवल गुजरात में भाजपा अजेय-अविजित बनी हुई है, बल्कि उसी गुजरात माडल की सफलता से वह संप्रति राष्ट्रीय राजनीतिक परिदृश्य में सिरमौर बने हुए हैं। यह पुस्तक इस यात्रा के विभिन्न पड़ावों से जुड़े तमाम प्रसंगों से परिचित कराती है।
पुस्तक पढ़ते हुए यही अनुभूति होती है कि आम जन का मन पढ़ने में मोदी किस हद तक महारत रखते हैं और यह बात जनता के साथ संपर्क-संवाद करने से लेकर उनकी नीतियों में भी प्रत्यक्ष दिखती है। यह पुस्तक बताती है कि पार्टी को आगे ले जाने के लिए मोदी ने किन तौर-तरीकों को अपनाया, जो पारंपरिक और गैर-पारंपिरक दोनों प्रकार के थे।
वस्तुत: यह किताब मोदी की जीवटता का दस्तावेज है कि वह अपनी धुन के कितने पक्के हैं और कभी ध्येय पथ से विचलित नहीं होते।

पुस्तक: द आर्किटेक्ट आफ द न्यू बीजेपी
लेखक: अजय सिंह
प्रकाशक: पेंगुइन रैंडम हाउस
मूल्य: 599 रुपये