यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 21, 2020 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
International Yoga Day: योग दिवस पर बोले पीएम मोदी- प्राणायाम कोरोना से लड़ने में करता है मदद
International Yoga Day पीएम मोदी ने कहा कि प्राणायाम रेस्पिरेटरी सिस्टम को मजबूत बनाता है जो कोरोना वायरस के खिलाफ लड़ाई में मदद करता है।

नई दिल्ली, एएनआइ। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस (International Yoga Day) के अवसर पर राष्ट्र को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने कहा कि दुनिया को योग की आवश्यकता का एहसास हो रहा है और आज कोरोना वायरस महामारी (Coronavirus) के दौरान प्राणायाम एक मजबूत रेस्पिरेटरी सिस्टम के निर्माण में मदद करता है। यह पहली बार है, जब डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
कोरोना के खिलाफ लड़ाई में योग की अहमियत को रेखांकित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि यह वायरस मूल रूप से शरीर की श्वसन प्रणाली पर हमला करता है और प्राणायाम में कई क्रियाएं हमारी श्वसन प्रणाली को मजबूत और प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने का काम करती हैं। यही कारण है कि पूरी दुनिया में बड़ी संख्या में कोरोना के मरीज प्राणायाम के सहारे कोरोना को मात दे रहे हैं। कोरोना के मरीजों को ठीक होने में मददगार साबित होने के साथ ही योग लॉकडाउन, आर्थिक संकट और शारीरिक दूरी की वजह से बढ़ रहे तनाव और मानसिक परेशानियों से निपटने में भी सहायक बन रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इससे मानसिक शांति मिलती है और साथ ही संयम और सहनशक्ति भी बढ़ती है।
#COVID19 attacks our respiratory system.'Pranayam', a breathing exercise is something that helps us the most in making our respiratory system strong: Prime Minister Narendra Modi #InternationalYogaDay https://t.co/xm7EFZNl7U" rel="nofollow
— ANI (@ANI) June 21, 2020
पहली बार नहीं हुआ सामूहिक कार्यक्रम
पहली बार घर पर परिवार से साथ किए जा रहे योग दिवस को उन्होंने भावनात्मक योग का दिन बताया। 2014 में शुरू हुए अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर पहली बार कोई सामूहिक कार्यक्रम नहीं हुआ और पूरी दुनिया में लोगों ने इसे अपने-अपने घरों में मनाया। इसके बावजूद सभी डिजिटल माध्यम में यह व्यापक रूप से देखा गया। यहां तक कि प्रधानमंत्री मोदी ने भी इस बार डिजिटल माध्यम से ही संबोधित किया।
योग से समस्याओं का समाधान
पीएम ने कहा कि जब हम योग के माध्यम से समस्याओं के समाधान और दुनिया के कल्याण की बात कर रहे हैं, तो मैं योगेश्वर कृष्ण के कर्मयोग का भी आपको पुनः स्मरण करना चाहता हूं। गीता में भगवान कृष्ण ने योग की व्याख्या करते हुए कहा है- ‘योगः कर्मसु कौशलम्’अर्थात, कर्म की कुशलता ही योग है।
पीएम की लोगों से अपील
प्रधानमंत्री ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि प्राणायाम को अपने प्रतिदिन के अभ्यास में जरूर शामिल करिए, और अनुलोम-विलोम के साथ साथ दूसरे प्राणायाम को भी सीखिए। बच्चे, बड़े, युवा, परिवार के बुजुर्ग, सभी जब एक साथ योग के माध्यम से जुडते हैं, तो पूरे घर में एक ऊर्जा का संचार होता है। इसलिए, इस बार का योग दिवस, भावनात्मक योग का भी दिन है।
कब हुई थी योग दिवस की शुरूआत
27 सितंबर, 2014 को संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) में अपने भाषण में प्रधानमंत्री मोदी द्वारा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस प्रस्तावित किया गया था। 21 जून 2015 से अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है।
