5 ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था की ओर तेजी से बढ़ रहा है भारत : जेपी नड्डा
बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा है कि आर्थिक मोर्चे पर शानदार सफलता पीएम मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व का परिणाम है।
नई दिल्ली, एजेंसियां। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने रविवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय अर्थव्यवस्था पांच टिलियन डॉलर (पांच लाख करोड़ डॉलर) के लक्ष्य को हासिल करने की दिशा में तेजी से बढ़ रही है।नड्डा ने ट्वीट कर कहा कि 2.94 टिलियन डॉलर की सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) के साथ भारत दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। भारत ने ब्रिटेन और फ्रांस को पीछे छोड़ दिया है। आर्थिक मोर्चे पर भारत का यह लाजवाब प्रदर्शन और सुनहरे भविष्य का संकेत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में केंद्र में भारतीय जनता पार्टी की सरकार की आर्थिक नीतियों और प्रभावी कार्यान्वयन का ही परिणाम है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने भारत को 2024 तक पांच टिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था वाला देश बनाने का लक्ष्य रखा है। इस दिशा में भारत का पांचवीं बड़ी अर्थव्यवस्था बनना काफी अहम है।भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि दूरदर्शी कदमों और भविष्य को ध्यान में रखते हुए तैयार किए बजट के चलते देश सभी क्षेत्रों में असाधारण प्रगति कर रहा है। क्रय शक्ति समानता में वृद्धि सरकार के दूरदर्शी कदमों और भविष्य के बजट के सकारात्मक प्रभाव को दर्शाता है।अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष के अक्टूबर में वैश्विक अर्थव्यवस्था पर जारी आंकड़ों के मुताबिक भारत पिछले साल ही दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया था।