कर्नाटक में पूर्व मंत्री एचडी रेवन्ना के बेटे समेत छह लोगों पर दर्ज हुई एफआइआर
कर्नाटक के पूर्व मंत्री एचडी रवन्ना के बेटे सूरज रेवन्ना पर मांड्या में केआर पीट के पास एक गांव में भाजपा कार्यकर्ताओं पर कथित रूप से हमला करने का आरोप है।
बैंगलुरू, एएनआइ। कर्नाटक के पूर्व मंत्री एचडी रेवन्ना के बेटे सूरज रेवन्ना और 5 अन्य के खिलाफ एफआइआर दर्ज की गई है। सूरज रेवन्ना पर मांड्या में केआर पीट के पास एक गांव में भाजपा कार्यकर्ताओं पर कथित रूप से हमला करने का आरोप है।
एफआइआर के मुताबिक छह लोगों पर जेडीएस कार्यकर्ताओं के पार्टी छोड़कर भाजपा जॉइन कर लेने पर कार्यकर्ताओं पर हमला करने का आरोप लगाया गया है। एफआइआर के अनुसार घटना के समय इन आरोपियों के साथ 150 से 200 लोग पीड़ित के घर पहुंचे थे। जहां पर भाजपा के कार्यकर्ता इकट्ठा थे, और उन्हें मारने की धमकी दी गई थी। इसके बाद आरोपियों ने भाजपा कार्यकर्ताओं को लाठी ठंडे से पीटना शुरू कर दिया था। इसके अलावा उन्होंने घर के बाहर पार्किंग में खड़ी दो कारों को भी नुकसान पहुंचाया था।
गुरुवार को 15 सीटों पर कर्नाटक में उपचुनाव
बता दें कि कर्नाटक में गुरूवार को 15 सीटों पर उपचुनाव हैं। भाजपा को सरकार में बने रहने के लिए 15 में से छह सीटें जीतनी होंगी। भाजपा के चुनाव प्रचार की कमान मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा ने संभाली हैं। वहीं, जेडीएस से कुमारस्वामी और कांग्रेस की चुनाव प्रचार की कमान सिद्धारमैया ने संभाली हुई है। कर्नाटक उपचुनाव का परिणाम 9 दिसंबर को आएगा।
गौरतलब है कि कर्नाटक के पूर्व स्पीकर केआर रमेश कुमार ने 17 विधायकों को अयोग्य घोषित कर दिया था। इसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने सभी विधायकों को चुनाव लड़ने की अनुमति दे दी थी। दो सीटों मस्की और राजराजेश्वरी नगर पर कर्नाटक हाईकोर्ट में मामला लंबित है, इसलिये यहां अभी चुनाव नहीं होंगे।