विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'कांग्रेस सत्ता में होती तो भारत के पीएम भी इस टेबल पर होते', ट्रंप-चिनफिंग-पुतिन की फोटो शेयर कर बोले राहुल गांधी

Published: Fri, 20 Nov 2026 09:40 AM (IST)

राहुल गांधी ने चीन के शेनजेन में 'जी3' नेताओं की बैठक में पीएम मोदी की गैर-मौजूदगी पर निशाना साधा, उन्हें "समझौता करने वाला प्रधानमंत्री" बताया। उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस सत्ता में होती तो भारत के प्रधानमंत्री भी इस समूह का हिस्सा होते।

जी-3 मीटिंग के दौरान मौजूद तीनों देशों के राष्ट्रपति (रॉयटर्स)

जी-3 मीटिंग के दौरान मौजूद तीनों देशों के राष्ट्रपति (रॉयटर्स)

HighLights

  1. राहुल गांधी ने पीएम मोदी को "समझौता करने वाला प्रधानमंत्री" कहा।

  2. शेनजेन में ट्रंप, जिनपिंग, पुतिन की G3 बैठक हुई।

  3. कांग्रेस सत्ता में होती तो भारत भी G3 का हिस्सा होता।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को चीन के शेनजेन में APEC शिखर सम्मेलन के दौरान 'जी3' नेताओं की एक अहम बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गैर-मौजूदगी को लेकर उन पर निशाना साधा। राहुल ने उन्हें "समझौता करने वाला प्रधानमंत्री" (compromised PM) करार दिया।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप, चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की एक साथ वाली तस्वीर अपने सोशल मीडिया एक्स पर शेयर करते हुए राहुल ने कहा कि अगर कांग्रेस सत्ता में होती, तो भारत के प्रधानमंत्री भी इस ताकतवर समूह का हिस्सा होते।

राहुल गांधी ने अपने एक्स पोस्ट में लिखा कि अगर कांग्रेस सत्ता में होती, तो भारत के प्रधानमंत्री भी इस मेज पर बैठे होते। उन्होंने कहा कि एक ऐसा प्रधानमंत्री जो समझौता कर लेता है, वह कभी इस मेज पर नहीं बैठ सकता। बता दें कि बीते गुरुवार (19 नवंबर) को चीन के शेनजेन में दुनिया के तीन ताकतवर नेताओं की एक अहम बैठक हुई।

इस बैठक में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग मौजूद थे। इन तीन विश्व नेताओं ट्रंप, शी और पुतिन के त्रिपक्षीय शिखर सम्मेलन के बाद, उन्हें दर्शाने के लिए 'G3' शब्द काफी चर्चा में आ गया है।

किस मुद्दे पर हुई बैठक

इस बैठक में मुख्य रूप से चल रहे युद्धों और परमाणु हथियारों के जखीरे को कम करने की कोशिशों पर चर्चा हुई। तीनों नेताओं ने 'शांति की दिशा में रूस-चीन-अमेरिका के राष्ट्राध्यक्षों का घोषणापत्र' (The Russia-China-US Heads of State Declaration Toward Peace) शीर्षक से एक संयुक्त घोषणापत्र भी अपनाया।

किन सुधारों की हुई घोषणा

घोषणा के अनुसार, तीनों देश संयुक्त राष्ट्र में सुधार लाने, रिफाइंड पेट्रोलियम उत्पादों के उत्पादन और आपूर्ति को बढ़ाने, तथा परमाणु जोखिमों को कम करने पर चर्चा करने के लिए सहमत हुए। नेताओं ने अंतरराष्ट्रीय स्थिति पर भी अपने विचार साझा किए और रणनीतिक स्थिरता तथा अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा बनाए रखने के प्रति प्रतिबद्धता जताई। रूस और अमेरिका के राष्ट्रपतियों ने इस त्रिपक्षीय शिखर सम्मेलन की मेजबानी करने के लिए चीन की सराहना की।

56 साल की उम्र में भी क्यों खुद को युवा नेता मानते हैं राहुल गांधी? शिकागो यूनिवर्सिटी में दिया जवाब

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।