रिजिजू ने कहा, पूर्व चेतावनी प्रणाली में सुधार से आपदा पर आधी जीत पक्की
रिजिजू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश को आपदा झेलने में और ज्यादा सक्षम बनाने में विशेष रुचि ले रहे हैं।
नई दिल्ली, प्रेट्र। केंद्रीय मंत्री किरन रिजिजू ने कहा है कि पूर्व चेतावनी प्रणाली में सुधार और जागरूकता बढ़ाकर आपदा के खिलाफ आधी लड़ाई जीती जा सकती है। राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकार (एनडीएमए) के 14वें स्थापना दिवस समारोह में हिस्सा लेते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि संगठन ने आपदा प्रबंधन का तरीका बदल दिया है।
रिजिजू ने कहा, 'आपदा प्रबंधन से जुड़े मामलों में भारत अग्रणी भूमिका निभा रहा है। आपदा के खिलाफ आधी लड़ाई आपदा जागरूकता बढ़ाकर और पूर्व चेतावनी प्रणाली में सुधार कर जीती जा सकती है।'
केंद्रीय गृह राज्य मंत्री ने कहा कि विशाल भूगोल और आबादी वाला भारत आपदा प्रबंधन में काफी आगे बढ़ चुका है। आपदा के खतरे को कम करने के लिए दुनिया जब भी आगे बढ़ेगी तब वह भारत को नजरअंदाज नहीं कर सकेगी।
रिजिजू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश को आपदा झेलने में और ज्यादा सक्षम बनाने में विशेष रुचि ले रहे हैं। एनडीएमए के सदस्य आरके जैन ने संगठन के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि गठन के समय से ही आपदा मोचन में संगठन की प्रभावी भूमिका रही है।