राज्यसभा के 250वें सत्र पर भारत सरकार जारी करेगी 250 रुपये का सिक्का
इस सिक्के का निर्माण भारतीय प्रतिभूति मुद्रण तथा मुद्रा निर्माण निगम लिमिटेड की मुंबई टकसाल करेगी।
जागरण संवाददाता, कानपुर। भारत सरकार अपने उच्च सदन (राज्यसभा) के 250 सत्र होने के उपलक्ष्य में खास सिक्का जारी करेगी। भारतीय इतिहास में यह पहला मौका होगा, जब 250 रुपये मूल्य वर्ग का स्मारक सिक्का जारी होगा। शुद्ध चांदी में जारी होना वाला यह तीसरा सिक्का होगा।
गांधीजी की 150वीं जयंती पर जारी हुआ था 150 रुपये का शुद्ध चांदी का सिक्का
इसके पहले महात्मा गांधी की 150वीं जयंती पर भारत सरकार ने 2 अक्टूबर 2019 को 40 ग्राम का 150 रुपये मूल्य वर्ग का शुद्ध चांदी का सिक्का जारी किया था।
अंतरराष्ट्रीय बाल वर्ष पर जारी हुआ था शुद्ध चांदी का सिक्का
1981 में अंतरराष्ट्रीय बाल वर्ष के उपलक्ष्य में भी शुद्ध चांदी का सिक्का जारी हुआ था। इसके अतिरिक्त जारी स्मारक सिक्कों में 50 फीसद चांदी और शेष 50 फीसद में निकल, जस्ता और कॉपर का इस्तेमाल किया गया है।
250 रुपये के सिक्के का निर्माण करेगी मुंबई टकसाल
वित्त मंत्रालय के आर्थिक कार्य विभाग ने इस संबंध में गजट अधिसूचना जारी कर दी है। इस सिक्के का निर्माण भारतीय प्रतिभूति मुद्रण तथा मुद्रा निर्माण निगम लिमिटेड की मुंबई टकसाल करेगी।
राज्य सभा के 250 सत्र पूरे होने पर सिक्का होगा जारी
सिक्के का वजन 40 ग्राम होगा। सिक्के के एक पहलू पर मूल्य वर्ग '250' रुपये, अंग्रेजी में इंडिया, हिंदी में भारत अंकित होगा। दूसरे पहलू पर शीर्ष में लहराते तिरंगे के साथ संसद भवन का चित्र और महात्मा गांधी के साथ राज्यसभा में चैंबर के बैठक की व्यस्था का चित्र उत्कीर्ण किया जाएगा। जल्द ही राज्य सभा के 250 सत्र पूरे होने पर इस सिक्के के समारोह पूर्वक जारी किया जाएगा।
दो माह में तीन सिक्के
भारत सरकार ने बीते दो माह में तीन बड़े सिक्के जारी किए हैं। एक सिक्का राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150वीं जयंती पर, दूसरा सिक्का गुरुनानक देव के 550वें प्रकाशोत्सव और अब तीसरा सिक्का राज्यसभा के 250 सत्र पूरे होने पर जारी होगा।