Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Delhi Chunav Result 2025: 'शासन कोई नाटक नहीं है', पीएम मोदी बोले- दिल्ली में अराजकता, अहंकार और आपदा की हुई हार

    Updated: Sat, 08 Feb 2025 11:26 PM (IST)

    प्रधानमंत्री ने दिल्ली विधानसभा के पहले सत्र में ही सीएजी की रिपोर्ट पेश करने और भ्रष्टाचार के हर मामले की जांच का भरोसा दिया। कहा कि भ्रष्टाचार करने वालों से पूरा पैसा वसूल किया जाएगा। प्रधानमंत्री ने संबोधन के शुरू और अंत में बार-बार यमुना मैया की जय बोलकर यमुना की सफाई को लेकर अपनी प्रतिबद्धता का भी इजहार किया।

    Hero Image
    प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (Photo Credit - PTI)

    जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आम आदमी पार्टी की हार को आडंबर, अराजकता, अहंकार और दिल्ली पर छाई आपदा की हार करार दिया है। दिल्ली में भाजपा की जीत के बाद पार्टी मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने दिल्ली के विकास कार्यों में आम आदमी पार्टी सरकार द्वारा रोड़ा अटकाने का उल्लेख करते साफ किया कि शासन (गवर्नेंस) नौटंकी, प्रचार और प्रपंच नहीं, बल्कि जनता की सेवा करने के लिए है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    शार्टकट की राजनीति

    प्रधानमंत्री मोदी ने आम आदमी पार्टी की राजनीति को झूठ, फरेब और शार्टकट की राजनीति बताते हुए कहा कि दिल्ली की जनता ने शार्टकट की राजनीति करने वालों का शार्ट सर्किट कर दिया। अरविंद केजरीवाल पर सीधा निशाना साधते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि राजनीति बदलने का दावा कहकर आने वाले लोग कट्टर बेईमान निकले। देश में पहली बार मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री को जेल जाना पड़ा।

    आधुनिक दिल्ली का निर्माण

    • भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन से जन्मी पार्टी के भ्रष्टाचार को उन्होंने दिल्ली के भरोसे के साथ सबसे बड़ा विश्वासघात बताया। उन्होंने कहा कि आज की हार से अन्ना हजारे को भी आप-दा के कुकर्मों की पीड़ा से मुक्ति मिली है।
    • प्रधानमंत्री ने भाजपा को भारी जीत दिलाने के लिए जनता के प्रति आभार जताते हुए कहा कि सभी लोग टूटती सड़कें, कूड़े के ढेर, सीवर ओवरफ्लो और प्रदूषित हवा से त्रस्त हैं।
    • उन्होंने भरोसा दिया कि अब भाजपा की सरकार इन समस्याओं से जनता को मुक्ति दिलाने के साथ ही विकास की नई ऊंचाई के साथ एक आधुनिक दिल्ली का निर्माण करेगी।
    • उन्होंने दिल्ली समेत पूरे एनसीआर (राजस्थान, हरियाणा व उत्तर प्रदेश) में आजादी के बाद पहली बार भाजपा सरकार होने के संयोग को सुखद बताते हुए कहा कि इससे एनसीआर में तरक्की के अनगिनत रास्ते खुलने वाले हैं।

    हर गारंटी होगी पूरी

    प्रधानमंत्री मोदी ने दिल्ली को लघु भारत बताते हुए सभी वर्गों और क्षेत्रों के लोगों से मिले समर्थन को अहम बताया। उन्होंने खुद को पूर्वांचल का सांसद बताते हुए पूर्वांचल के लोगों का विशेष रूप से आभार जताया। इसके साथ ही उन्होंने युवाओं और महिलाओं को चुनाव में किए गए वादे को पूरा करने की गारंटी दी। प्रधानमंत्री ने दिल्ली में अभी तक लागू नहीं हो पाने वाली आयुष्मान भारत, जन औषधि केंद्र और झुग्गियों के विकास की योजनाओं को प्राथमिकता से लागू करने का भरोसा दिया।

    यमुना को दिल्ली की पहचान बनाने का भरोसा

    यमुना को आस्था केंद्र बताते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि दिल्ली की आप-दा ने इस आस्था का अपमान किया और उसे अपने पैरों तले कुचला है। उन्होंने यमुना को दिल्ली की पहचान बनाने का भरोसा दिया। प्रधानमंत्री मोदी ने अरविंद केजरीवाल के साथ-साथ राहुल गांधी को भी आड़े हाथों लिया।

    परोक्ष रूप से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केजरीवाल पर धूर्तता और राहुल गांधी पर मूर्खता की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि दिल्ली की जनता ने दोनों को नकार दिया है।

    पीएम मोदी ने कांग्रेस को भी घेरा

    उन्होंने एक बार फिर इंडियन स्टेट के खिलाफ लड़ाई को अर्बन नक्सलियों की भाषा बताते हुए राहुल गांधी पर हमला बोला। प्रधानमंत्री ने आम आदमी पार्टी की हार के लिए लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के साथ गठबंधन को भी जिम्मेदार ठहाराया।

    उन्होंने कहा कि कांग्रेस ऐसी परजीवी पार्टी बन गई है, जो खुद के साथ-साथ सहयोगियों को भी डुबा देती है। दिल्ली के परिणाम से साफ है कि जो भी एक बार कांग्रेस का हाथ थामता है, उसका बंटाधार होना तय हो जाता है।

    यह भी पढ़ें: कांग्रेस पर KTR का तंज, भाजपा के लिए चुनाव जीतने पर राहुल को एक बार फिर बधाई!