'...तो क्या राहुल गांधी को लेकर सर्जिकल स्ट्राइक करने जाते'
गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर ने कहा, ' मैं सेना को कहता कि राहुल गांधी को भी सर्जिकल स्ट्राइक के लिए लेकर चलिए।'
पणजी (प्रेट्र)। गोवा के मुख्यमंत्री और पूर्व रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर ने सर्जिकल स्ट्राइक पर सवाल उठाने वाले विपक्ष पर जमकर तंज कसे। सोमवार को उन्होंने व्यंगात्मक लहजे में कहा, 'मैं विपक्षी पार्टी को भी सर्जिकल स्ट्राइक पर लेकर जाता। मैं सेना को कहता कि राहुल गांधी को लेकर चलिए फिर सर्जिकल स्ट्राइक कीजिए।'
पर्रिकर के निशाने पर कांग्रेस
अमेरिका से इलाज कराकर लौटने के बाद पहली बार भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पर्रिकर ने कहा, 'अगर आप सर्जिकल स्ट्राइक करना चाहते हो तो सबसे अहम चीज होती है गोपनीयता। इस स्ट्राइक के बारे में सिर्फ प्रधानमंत्री, मुझे, सेनाध्यक्ष, सैन्य अभियानों के महानिदेशक, सेना के जोनल कमांडर और श्रीनगर के कमांडर को ही जानकारी थी।'
सोनिया-राहुल को घेरा
उन्होंने कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक को राहुल गांधी ने खून की दलाली कहा था। पीएम मोदी को एक समय सोनिया गांधी ने मौत का सौदागर कहा था। सर्जिकल स्ट्राइक पर कांग्रेस की ओर से घिनौनी बात की गई।
माल्या और नीरव मोदी पर बोले
वहीं, विजय माल्या और नीरव मोदी जैसे डिफाल्टरों का जिक्र करते हुए पर्रिकर ने कहा कि बैंकों ने इन्हें कर्ज कांग्रेस के कार्यकाल में दिया था। बैंकों की गैर निष्पादक संपत्तियां (एनपीए) भी केंद्र में कांग्रेस सरकार के गलत कार्यों का नतीजा हैं। जिसे वर्तमान (भाजपा) सरकार ठीक करने में जुटी है।
संबोधन के वक्त बेहद भावुक पर्रीकर ने रुंधे गले से कहा कि पिछले चार महीनों से वह पार्टी कार्यकर्ताओं से नहीं मिल पाए है, लेकिन उन्हें उम्मीद है कि मानसून के बाद वह कुछ गांवों का दौरा करके कार्यकर्ताओं से मिल पाएंगे। साथ ही उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से लोगों तक पहुंचने व सकारात्मक माहौल बनाने का भी आग्रह किया।