मानसून सत्र: मानव तस्करी सहित चार विधेयक लोकसभा में पेश
सदन में लोगों की तस्करी (रोकथाम, संरक्षण और पुनर्वास) विधेयक महिला एवं बाल विकास मंत्री मेनका गांधी ने पेश किया।
नई दिल्ली, प्रेट्र। मानव तस्करी पर रोक लगाने के अलावा तीन अन्य विधेयक लोकसभा में पेश किए गए हैं। सदन में लोगों की तस्करी (रोकथाम, संरक्षण और पुनर्वास) विधेयक महिला एवं बाल विकास मंत्री मेनका गांधी ने पेश किया। इस विधेयक का लक्ष्य मानव तस्करी की बड़ी समस्या से निजात दिलाना है। यह रोकथाम, संरक्षण और पुनर्वास से ही तस्करी के मुद्दे का समाधान करेगा।
नागरिक उड्डयन राज्यमंत्री जयंत सिन्हा ने हवाई अड्डा आर्थिक नियामक प्राधिकरण (एईआरए) अधिनियम में संशोधन के लिए विधेयक पेश किया। यह बड़े हवाई अड्डे की परिभाषा में बदलाव लाएगा और नियामक को और प्रभावी रूप से काम करने में मददगार होगा।
इसके अलावा केंद्रीय राज्यमंत्री पी. राधाकृष्णन ने गैर कानूनी डिपाजिट स्कीमों पर प्रतिबंध विधेयक 2018 पेश किया। इसका उद्देश्य चिट फंड के माध्यम से निवेशकों के साथ होने वाली धोखाधड़ी पर लगाम लगाना है। कानून राज्यमंत्री पीपी चौधरी ने मध्यस्थता एवं समाधान अधिनियम 1996 में संशोधन विधेयक पेश किया।