विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 19, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

पूर्व पीएम मनमोहन सिंह कोरोना पॉजिटिव, एम्‍स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती, तेलंगाना के सीएम केसीआर भी संक्रमण की चपेट में

By Krishna Bihari SinghEdited By:
Published: Mon, 19 Apr 2021 06:49 PM (IST)Updated: Tue, 20 Apr 2021 06:57 AM (IST)

देश के पूर्व प्रधानमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्‍ठ नेता मनमोहन सिंह कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए हैं। समाचार एजेंसी ...और पढ़ें

देश के पूर्व प्रधानमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्‍ठ नेता मनमोहन सिंह कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए हैं।
देश के पूर्व प्रधानमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्‍ठ नेता मनमोहन सिंह कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए हैं।

नई दिल्‍ली, एजेंसियां। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह कोरोना संक्रमित हो गए हैं। सोमवार को रिपोर्ट पाजिटिव आने के बाद शाम पांच बजे उन्हें अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया। 88 वर्षीय मनमोहन सिंह ने कोरोना वैक्सीन की दोनों खुराक ली थीं। सोमवार दोपहर बाद हल्का बुखार आने पर उन्हें एम्स में भर्ती कराया गया, जहां कोरोना की जांच हुई। उनके स्वास्थ्य की निगरानी के लिए विशेषज्ञ डाक्टरों का एक दल गठित किया गया है। प्राइवेट वार्ड में भर्ती पूर्व प्रधानमंत्री की हालत स्थिर बनी हुई है। 

पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, पूर्व केंद्रीय मंत्री पी चिदंबरम, तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी, सपा प्रमुख अखिलेश यादव समेत तमाम नेताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। मालूम हो कि एक दिन पहले रविवार को मनमोहन सिंह ने कोरोना संकट को लेकर पीएम नरेंद्र को पत्र लिख कर कई सुझाव दिए थे।

तेलंगाना के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव की कोरोना जांच रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। राज्य के मुख्य सचिव ने बताया कि उनमें हल्के लक्षण हैं। डॉक्टरों की एक टीम उनके स्वास्थ्य की निगरानी कर रही है। 

अभी हाल ही में कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा दोबारा कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। बीते शुक्रवार को उनकी जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। येदियुरप्‍पा (Karnataka Chief Minister BS Yediyurappa) आठ महीने में दूसरी बार कोविड-19 से पाजिटिव पाए गए हैं। 78 वर्षीय येदियुरप्पा को इससे पहले दो अगस्त 2020 को कोरोना पॉजिटिव पाया गया था। डॉक्‍टरों की एक टीम उनकी तबीयत पर लगातार नजर बनाए हुए है। उनकी हालत स्थिर बताई जाती है।  

बीते शनिवार को कर्नाटक (Karnataka) के पूर्व मुख्यमंत्री और जेडी (एस) नेता एचडी कुमारस्वामी भी कोरोना संक्रमित पाए गए थे। उन्‍होंने खुद ट्वीट करके यह जानकारी दी थी। हाल ही में केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावडेकर भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए। उन्होंने खुद इसकी जानकारी देते हुए पिछले दो-तीन दिन में अपने संपर्क में आए लोगों से जांच कराने की अपील की थी। यही नहीं बीते दिनों आरएसएस के सरसंघचालक मोहन भागवत भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे जिन्‍हें हाल ही में अस्पताल से छुट्टी मिली है।  

गौरतलब है कि देश में कोरोना की दूसरी लहर बेहद घातक साबित हो रही है। कोरोना संक्रमित होने वाले नेताओं, मंत्रियों व प्रमुख हस्तियों की तादाद बढ़ती जा रही है। कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला और दिग्विजय सिंह ने भी बीते शुक्रवार को कोरोना पॉजिटिव पाए जाने की जानकारी दी थी। अभी एक दिन पहले ही हरियाणा के पूर्व मुख्‍यमंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा और उनकी पत्नी आशा हुड्डा की कोविड जांच रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। उन्हें मेदांता अस्पताल में भर्ती किया गया है। 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।