मतदाता सूची से पूर्व मंत्री का नाम गायब, कांग्रेस ने फिर उठाए सवाल
धनोपिया ने बताया कि कांग्रेस की शिकायत के बाद 24 लाख अपात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए गए तो 11 लाख से ज्यादा जोड़े भी गए।
नईदुनिया, भोपाल। मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ की मतदाता सूची से पूर्व मंत्री यादवेंद्र सिंह का ही नाम काट दिया गया है। अब इस मामले ने तूल पकड़ लिया है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय मामले की जांच कराएगा। वहीं, प्रदेश कांग्रेस ने सोमवार को एक बार फिर मतदाता सूची में 35 लाख से ज्यादा बोगस मतदाताओं के नाम होने का आरोप लगाया है।
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता जेपी धनोपिया और मनोज शुक्ला ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी वीएल कांताराव से सोमवार को मुलाकात कर मतदाता सूची में गड़बड़ी के आरोप लगाए। धनोपिया ने बताया कि प्रदेश में कांग्रेस की शिकायत के बाद 24 लाख अपात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए गए तो 11 लाख से ज्यादा जोड़े भी गए। इससे शंका पैदा होती है। उन्होंने पूरे प्रदेश में 35 लाख अपात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में होने का आरोप लगाया।
वहीं, शुक्ला ने बताया कि नरेला विधानसभा क्षेत्र में तीन लाख 84 हजार मतदाता थे। 31 जुलाई को मतदाता सूची के प्रारंभिक प्रकाशन के बाद ये संख्या दो लाख दो हजार के आसपास रह गई यानी 82 हजार मतदाताओं के नाम हटाए गए। इसके बावजूद विशेषज्ञों की जांच में 11 हजार 49 हजार नाम अपात्र पाए गए। धनोपिया ने टीकमगढ़ में पूर्व मंत्री यादवेंद्र सिंह का नाम मतदाता सूची से हटाए जाने का मुद्दा भी उठाया।
देर शाम मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी वीएल कांताराव ने पत्रकारवार्ता में बताया कि यादवेंद्र सिंह का नाम हटाने और नरेला विधानसभा की मतदाता सूची को लेकर प्राप्त शिकायत की जांच कराई जा रही है। जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
राजगढ़ पुलिस अधीक्षक के मामले में लेंगे रिपोर्ट
राजगढ़ की पुलिस अधीक्षक सिमाला प्रसाद द्वारा मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की जन आशीर्वाद यात्रा का फोटो सरकारी ट्विटर अकाउंट पर अपलोड करने के मामले में चुनाव आयोग रिपोर्ट लेगा। कांग्रेस के धनोपिया और अजय दुबे ने इसकी शिकायत की थी। इसके मद्देनजर जब मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी से सवाल पूछा गया तो उन्होंने बताया कि हम रिपोर्ट ले रहे हैें। साथ ही यह भी देख रहे हैं कि आदर्श आचार संहिता प्रभावी नहीं होने की दशा में इस तरह के मामले क्या हमारे अधिकार क्षेत्र में आते हैं या नहीं।
कमलनाथ ने यादवेंद्र सिंह मामले को साजिश बताया
दिग्विजय सिंह सरकार में मंत्री रहे यादवेंद्र सिंह का नाम मतदाता सूची से गायब होने को मप्र कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने भाजपा की साजिश बताया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के इशारे पर कांग्रेस से चुनाव लड़ने वाले संभावित लोगों के नाम चुनाव से पूर्व जानबूझकर मतदाता सूची से हटाए जा रहे हैं, जिससे नामांकन भरते समय फॉर्म निरस्त हो जाए। पत्रकारों से चर्चा में उन्होंने तंज कसा कि मुझे भी देखना होगा कि मेरा नाम मतदाता सूची में है या नहीं। नाथ ने अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि वे राजनीति से ऊपर रहे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोयाबीन निर्यात के लिए एक दल को चीन भेजने की घोषणा की थी, जो दल चीन जाने वाला था, उसे वीजा ही नहीं दिया गया।