Formation of Trust: नड्डा ने कहा- हरेक भारतीय का राम मंदिर का सपना होगा पूरा
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि यह ऐतिहासिक दिन है। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के गठन की घोषणा के साथ ही मोदी ने सभी भारतीयों का सम्मान किया है।
नई दिल्ली, प्रेट्र। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राम मंदिर के ट्रस्ट के गठन की घोषणा करने के बाद भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि हरेक भारतीय का अयोध्या में राम मंदिर का सपना पूरा होने वाला है।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा- ट्रस्ट के गठन की घोषणा ऐतिहासिक दिन है
भाजपा अध्यक्ष ने बुधवार को कहा कि यह ऐतिहासिक दिन है। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के गठन की घोषणा के साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी भारतीयों का सम्मान किया है। सदियों से हर भारतीय का भव्य राम मंदिर का सपना अब पूरा होने जा रहा है।
उद्धव ठाकरे ने मंदिर निर्माण के ट्रस्ट के गठन की घोषणा का किया स्वागत
इसीतरह महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री और शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने भी अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण के लिए ट्रस्ट के गठन की घोषणा का स्वागत करते हुए कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने भव्य राम मंदिर के निर्माण का फैसला दिया है। लिहाजा, भाजपा सरकार का यह फर्ज बनता है कि वह फैसले का पालन करे।
फड़णवीस ने कहा- करोड़ों रामभक्तों की इच्छा पूरी हुई
महाराष्ट्र में भाजपा नेता देवेंद्र फड़णवीस ने कहा कि विश्व भर में करोड़ों रामभक्तों की इच्छा पूरी हो रही है। वहीं एमएनएस के अध्यक्ष राज ठाकरे ने कहा कि हम उम्मीद करते हैं कि राम मंदिर निर्माण को तेज गति दी जाएगी।
'श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र' ट्रस्ट को सरकारी हस्तक्षेप से दूर
सरकार ने 'श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र' ट्रस्ट को सरकारी हस्तक्षेप से दूर रखने और कामकाज में पूरी आजादी देने का पुख्ता बंदोबस्त कर दिया है। ट्रस्ट को सारी वित्तीय स्वायत्तता दी गई है, लेकिन इसकी किसी भी अचल संपत्ति को किसी भी स्थिति में बेचने का अधिकार नहीं होगा। सरकार ने फिलहाल ट्रस्ट के सदस्यों की घोषणा की है। ट्रस्ट के सदस्यों को अपने बीच से अध्यक्ष, महासचिव और कोषाध्यक्ष के चयन की छूट दी गई है। फंड जुटाकर भव्य राम मंदिर का निर्माण करने से लेकर पूरे तीर्थ के विकास और रखरखाव के प्रशासनिक तंत्र के विकास और पुजारियों की नियुक्ति ट्रस्ट के विशेषाधिकार में रखा गया है।
जगह खाली होने पर ट्रस्टी ही करेंगे नए सदस्य का चुनाव
डीड के अनुसार पदेन व सरकार की ओर मनोनीत सदस्य के अलावा 10 सदस्यों में से किसी की मौत होने, इस्तीफा देने या किसी कारणवश हटाने के जाने के बाद उनके स्थान पर नए सदस्यों के चयन का अधिकार ट्रस्ट के सदस्यों को ही होगा। इसके लिए विशेष बैठक बुलाकर शेष बचे नौ सदस्य बहुमत के आधार योग्य व्यक्ति को सदस्य के रूप में चयन कर सकेंगे। लेकिन नए सदस्य का भी हिंदू धर्मावलंबी होना अनिवार्य है।