विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

SIR पर एकजुटता के बाद परिसीमन ने तोड़ी विपक्षी एकता, भाजपा ने कैसे कांग्रेस के दावों को किया धवस्त

Published: Sun, 29 Nov 2026 12:31 AM (GMT+05:30)

एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) के मुद्दे पर अक्टूबर में दिखी विपक्षी एकजुटता के बाद अब परिसीमन बिल पर विपक्ष की एकता बिखरती नजर आ रही है।

SIR पर एकजुटता के बाद परिसीमन ने तोड़ी विपक्षी एकता (फोटो- एएनआई)

SIR पर एकजुटता के बाद परिसीमन ने तोड़ी विपक्षी एकता (फोटो- एएनआई)

HighLights

  1. 17 अप्रैल 2026 को संविधान (131वां संशोधन) बिल लोकसभा में गिर गया था

  2. सरकार ने नया परिसीमन बिल कुछ महत्वपूर्ण बदलावों के साथ तैयार किया

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने गुरुवार को संसद का विशेष सत्र बुलाने की घोषणा की तो विपक्ष के लिए साफ संकेत मिल गया कि भाजपा नीत एनडीए सरकार लोकसभा में संख्या बल जुटा चुकी है।

एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) के मुद्दे पर अक्टूबर में दिखी विपक्षी एकजुटता के बाद अब परिसीमन बिल पर विपक्ष की एकता बिखरती नजर आ रही है।

अप्रैल में विपक्ष की जीत

17 अप्रैल 2026 को संविधान (131वां संशोधन) बिल लोकसभा में गिर गया था। पक्ष में 298 और विपक्ष में 230 वोट पड़े थे। 528 वोटों में से सरकार को दो-तिहाई बहुमत (352 वोट) के लिए 54 वोट कम पड़े थे।

विपक्ष ने इसे अपनी बड़ी जीत बताया था। लेकिन सरकार ने संसद को 100 से ज्यादा दिनों तक स्थगित नहीं किया और संख्या बल जुटाने का काम जारी रखा।

नया बिल और सहयोगी दलों का रुख

सरकार ने नया परिसीमन बिल कुछ महत्वपूर्ण बदलावों के साथ तैयार किया। इसमें कुछ दलों की चिंताओं को दूर किया गया।

शरद पवार की एनसीपी (एसपी) ने रुख नरम किया। सुप्रिया सुले ने राष्ट्रीय हित का हवाला देते हुए कहा कि बिल देश के लिए अच्छा साबित हो सकता है।
डीएमके ने भी समर्थन की घोषणा की। एमके स्टालिन ने कहा कि उन्होंने राज्य के हितों की रक्षा की है। बिल में तमिलनाडु की सीट हिस्सेदारी (लगभग 7.18%) को सुरक्षित रखने और अगले 25 साल तक फ्रीज रखने जैसे प्रावधान जोड़े गए।

भाजपा ने डीएमके के साथ लगभग एक साल तक चर्चा की थी। कांग्रेस के साथ डीएमके के रिश्ते तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के बाद खराब होने का भी असर माना जा रहा है।

राहुल गांधी का रुख

राहुल गांधी ने कहा कि यह महिला आरक्षण से जुड़ा मुद्दा नहीं है। महिला आरक्षण बिल पहले ही पास हो चुका है। उन्होंने कहा कि यह 850 सीटों और निर्वाचन क्षेत्रों के पुनर्निर्धारण का मामला है। यह लोकतंत्र की लड़ाई है। उन्होंने सहयोगी दलों से अपील की कि वे लोकतंत्र की रक्षा के लिए एकजुट रहें।

सरकार का दावा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संविधान दिवस पर लेख में लिखा कि अप्रैल में बिल गिरने से शर्म महसूस होनी चाहिए। उन्होंने नारी शक्ति को न्याय दिलाने का आश्वासन दिया। सरकार का कहना है कि परिसीमन के बाद ही महिला आरक्षण प्रभावी रूप से लागू होगा।

विपक्ष अब भी विरोध जारी रखने का दावा कर रहा है, लेकिन एनसीपी (एसपी) और डीएमके जैसे सहयोगियों के रुख बदलने से उसकी एकता कमजोर पड़ गई है। विशेष सत्र में बिल पेश होने की संभावना है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।