अमेरिका से इलाज के बाद स्वदेश लौटे अरुण जेटली, बोले- घर आकर खुश हूं
अरुण जेटली ने ट्वीट कर स्वदेश लौटने की जानकारी दी है। उन्हेंने ट्वीट कर कहा, घर वापस आकर खुश हूं।
नई दिल्ली, प्रेट्र/आइएएनएस। केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली शनिवार को अमेरिका से लौट आए। इलाज कराने के लिए चार सप्ताह तक वह अमेरिका में रहे। जेटली ने ट्वीट में कहा है कि घर लौट कर खुशी हुई। इलाज कराने के लिए विदेश में होने के कारण जेटली नरेंद्र मोदी सरकार का छठा और अंतिम बजट पेश नहीं कर सके। उनकी अनुपस्थिति में रेल मंत्री पीयूष गोयल को वित्त मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार दिया गया था। कार्यवाहक वित्त मंत्री के रूप में उन्होंने ही अंतरिम बजट पेश किया है।
ट्वीट में गोयल ने कहा है, 'आदरणीय श्री अरुण जेटली जी की वापसी से प्रसन्नता हो रही है। उनके समर्थन, दिशानिर्देश और नेतृत्व के लिए उनका आभार।'
इलाज के दौरान भी जेटली सोशल मीडिया पर सक्रिय रहे। उन्होंने ट्वीट और फेसबुक पर लिखना जारी रखा। न्यूयार्क से उन्होंने वीडियो कॉल के जरिये संवाददाताओं से भी बातचीत की और बजट पर सवालों के जवाब दिए। उन्होंने साक्षात्कार भी दिया।
साक्षात्कार में उन्होंने कहा था कि वह स्वस्थ हो रहे हैं और संसद में बजट पर चर्चा का जवाब देने के लिए वह लौट आएंगे। यह डॉक्टरों पर निभर है कि वह उन्हें कब जाने की अनुमति देते हैं।
संसद का बजट सत्र 13 फरवरी को समाप्त होने जा रहा है। लोकसभा में अंतरिम बजट पर बहस शुरू हो चुकी है। 66 वर्षीय जेटली पिछले महीने इलाज के लिए न्यूयार्क रवाना हो गए थे। उन्हें टिश्यू कैंसर होने का पता चला था जिसके लिए सर्जरी कराना अनिवार्य था।