Jharkhand Election Dates 2019 : झारखंड में 30 नवंबर से पांच चरणों में चुनाव, 23 दिसंबर को मतगणना
Jharkhand Election Dates 2019 चुनाव आयोग ने झारखंड विधानसभा चुनाव के कार्यक्रम की घोषणा कर दी है।
नई दिल्ली, जागरण ब्यूरो। Jharkhand Election Dates 2019 चुनाव आयोग ने झारखंड विधानसभा चुनाव के कार्यक्रम की घोषणा कर दी है। राज्य के विधानसभा चुनाव पांच चरणों में 30 नवंबर से 20 दिसंबर तक होंगे और परिणाम 23 दिसंबर को आएंगे। हाल ही में महाराष्ट्र और हरियाणा में हुए विधानसभा चुनाव और दोनों जगह किसी भी एक दल को बहुमत नहीं मिलने के मद्देनजर झारखंड के चुनाव अहम हो गए हैं।
शुक्रवार को मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने बताया कि 81 विधानसभा सीटों वाले राज्य में 30 नवंबर को पहले चरण का मतदान कराया जाएगा। दूसरे चरण का मतदान सात दिसंबर, तीसरे चरण का 12 दिसंबर, चौथे चरण का मतदान 16 दिसंबर और पांचवे व आखिरी चरण का मतदान 20 दिसंबर को होगा। मतगणना 23 दिसंबर को होगी। चुनाव की घोषणा के साथ ही राज्य में आदर्श आचार संहिता भी प्रभावी हो गई है। राज्य में 2014 के विधानसभा चुनाव भी पांच चरणों में हुए थे। वर्तमान विधानसभा का कार्यकाल अगले साल पांच जनवरी तक है।
67 सीटें नक्सल प्रभावित
नक्सल प्रभावित और संवेदनशील क्षेत्र होने के चलते ही राज्य के चुनावों को पांच चरणों में कराया जा रहा है। पहले चरण में 13 सीटों, दूसरे चरण में 20 सीटों, तीसरे चरण में 17 सीटों, चौथे चरण में 15 सीटों और आखिरी चरण में 16 सीटों पर चुनाव होंगे। राज्य की 67 विधानसभा सीटों को नक्सल प्रभावित माना गया हैं।
मिलेगी पोस्टल बैलट की सुविधा
आयोग के अनुसार, लोकसभा चुनाव के बाद कुछ नियमों को संशोधित किया गया है। इस चुनाव में शारीरिक रूप से अक्षम लोगों को पोस्टल बैलट की सुविधा दी जाएगी। आवश्यक सेवाओं और बुजुगरें को भी पोस्टल बैलट की सुविधा मिलेगी। वहीं, दिल्ली के चुनावों में भी सभी आवश्यक सेवा कर्मचारियों को भी पोस्टल बैलट की सुविधा दी जाएगी।
राज्य में 2.26 करोड़ वोटर
3.29 करोड़ की जनसंख्या वाले इस राज्य में 2.26 करोड़ वोटर हैं। वोटरों के लिए आयोग ने राज्य में 29,464 पोलिंग स्टेशन तैयार किए हैं और पोलिंग स्टेशन पर तमाम सुविधाएं मौजूद होंगी। चुनाव आयोग ने उम्मीदवारों को साफ किया है कि कोई भी उम्मीदवार अगर नामांकन में कोई कॉलम खाली छोड़ता है तो उसका नामांकन खारिज हो जाएगा।
ये हैं पांच चरण
पहला चरण : 30 नवंबर
दूसरा चरण : 07 दिसंबर
तीसरा चरण : 12 दिसंबर
चौथा चरण : 16 दिसंबर
पांचवां चरण : 20 दिसंबर
झारखंड के भाजपा प्रभारी ओम माथुर ने कहा कि भाजपा राज्य इकाई पिछले एक साल से चुनाव की तैयारी कर रही है। मैंने स्वयं, बूथ स्तर की सभी गतिविधियों और तैयारियों का विश्लेषण किया है। हम निश्चित रूप से 65+ के लक्ष्य को पार करेंगे।
झारखंड कांग्रेस प्रभारी आरपीएन सिंह ने कहा कि हम राज्य में चुनावों का स्वागत करते हैं, लेकिन यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि चुनाव 5 चरणों में होने हैं। कांग्रेस ने चुनाव आयोग से कहा था कि झारखंड में एक चरण में चुनाव होने चाहिए।
बता दें कि झारखंड में कुल 81 विधानसभा सीटें हैं और राज्य की विधानसभा का कार्यकाल पांच जनवरी 2020 को पूरा हो रहा है। इससे पहले नई सरकार का गठन होना है। चुनाव की तिथियों की घोषणा के साथ झारखंड में चुनाव आचार संहिता लागू हो जाएगी। भाजपा ने इस बार राज्य में मिशन-65 प्लस का टारगेट रखा है। साल 2014 के विधानसभा चुनाव में भाजपा 31.3 फीसद मतों के साथ 37 सीटों पर जीत दर्ज करने में कामयाब हुई थी।
वहीं, उसकी सहयोगी ऑल झारखंड स्टूडेंट यूनियन (एजेएसयू) 3.7 फीसद मतों के साथ पांच सीटों पर विजयी हुई थी। इसके अलावा झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) 20.4 फीसद मतों के साथ 19 सीटें, कांग्रेस 10.5 फीसद मतों के साथ सात सीटें और जेवीएम 10 फीसद मत के साथ आठ सीटों पर जीत दर्ज की थी। हालांकि, चुनावों के बाद जेवीएम के छह विधायक भाजपा के खेमे में चले गए थे।