Twitter पर भी छाए 'नमो': 4.3 करोड़ फॉलोअर्स के साथ PM मोदी दुनिया के तीसरे बड़े नेता
ट्रंप और पोप फ्रांसिस के बाद भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ट्विटर पर फॉलो किए जाने वाले तीसरे सबसे बड़े नेता हैं।
जेनेवा [ एजेंसी ]। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और पोप फ्रांसिस के बाद भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ट्विटर पर फॉलो किए जाने वाले तीसरे सबसे बड़े नेता हैं। मोदी को व्यक्तिगत तौर पर फॉलो करने वाले लोगों की संख्या जहां 4.3 करोड़ हैं, वहीं संस्थागत तौर पर उनको फॉलो करने वालों की संख्या 2.6 करोड़ है।
ट्रम्प के ट्विटर पर 5.33 करोड़ फॉलोअर्स हैं। नरेंद्र मोदी से 99 लाख और पोप फ्रांसिस से 2.55 करोड़ ज्यादा फॉलोअर्स हैं। राष्ट्रपति बनने के बाद से ट्रम्प के फॉलोअर्स दोगुना हो गए हैं। यह जानकारी एक अध्ययन में सामने आई है।
अंतरराष्ट्रीय संगठनों और सरकारों की डिजिटल नीति को प्रोत्साहित करने वाले डिजिटल प्लेटफार्म 'टिप्लोमेसी' की रिपोर्ट के मुताबिक पिछले 12 महीनों में ट्रम्प ने अपने फॉलोअर्स के साथ 26.45 करोड़ संवाद किए। इस मामले में मोदी दूसरे और पोप फ्रांसिस तीसरे नंबर पर हैं।
ट्रम्प के मुकाबले मोदी अपने फॉलोअर्स से 20 फीसद ही संवाद कर पाते हैं। पोप फ्रांसिस की अपेक्षा ट्रम्प अपने फॉलोअर्स से 12 गुना ज्यादा संवाद करते हैं। सबसे कम ट्वीट करने के मामले में सऊदी अरब के किंग सलमान पहले नंबर पर हैं।
उन्होंने मई 2017 से मई 2018 के दौरान सिर्फ 11 ट्वीट किए। हालांकि, उनके एक ट्वीट पर औसतन 1 लाख 54 हजार 294 रिट्वीट हुए। वहीं, ट्रम्प के एक ट्वीट पर औसतन 20 हजार 319 रिट्वीट हुए। अध्ययन यह भी बताता है कि अमेरिकी विदेश विभाग वहां का इकलौता सरकारी विभाग है, जो राष्ट्रपति के ट्विटर अकाउंट को फॉलो नहीं करता। हालांकि, अमेरिकी विदेश विभाग ईरान के विदेश मंत्री जावेद जरीफ और ईरान के राष्ट्रपति हसन रूहानी को फॉलो करता है।
सुषमा स्वराज एकमात्र विदेश मंत्री हैं, जिन्हें सबसे ज्यादा 1.1 करोड़ लोग फालो करते हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति के आधिकारिक अकाउंट (2.3 करोड़) को जहां पांचवां स्थान मिला है वहीं व्हाइट हाउस के ट्विटर एकाउंट को (1.7 करोड़) सूची में छठा स्थान मिला है। विश्व के 69 नेताओं के एक करोड़ से ज्यादा फॉलोवर हैं। लाओस, मउरिटियान, निकारागुआ, उत्तर कोरिया, स्वाजीलैंड और तुर्कमेनिस्तान की सरकारों की सोशल मीडिया ट्विटर पर कोई उपस्थिति नहीं है।
क्या है 'टिप्लोमेसी' की रिपोर्ट
टिप्लोमेसी ने 187 देशों के राज्य और केंद्र की सरकार के नेताओं के 951 ट्विटर अकाउंट का अध्ययन किया था। इनमें 372 व्यक्तिगत थे जबकि 579 व्यवसायिक अकाउंट थे। पीएम मोदी के अलावा टॉप-10 की सूची में विदेश मंत्री सुषमा स्वराज, जार्डन की महारानी और इंडोनेशिया के राष्ट्रपति हैं। इन सभी के एक करोड़ से ज्यादा फॉलोवर हैं।