सरकार का सख्त संदेश: अब कहीं प्रतिमा टूटी तो उस जिले के डीएम-एसएसपी होंगे जिम्मेदार
राजनाथ सिंह ने सभी पार्टियों से ऐसी घटनाओं से निपटने के लिए एकजुट होने का आह्वान किया। अमित शाह ने ऐसी घटनाएं को नितांत दुर्भाग्यपूर्ण बताया।
नई दिल्ली, जेएनएन। देश के कुछ हिस्सों में प्रतिमाओं को क्षतिग्रस्त किए जाने की घटना को केंद्र सरकार ने गंभीरता से लिया है। खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इन घटनाओं की निंदा की है। उन्होंने इसके खिलाफ कार्रवाई के लिए गृह मंत्री राजनाथ सिंह से बात भी की। गृह मंत्रालय ने बुधवार को एक और एडवाइजरी जारी कर राज्यों को प्रतिमा तोड़े जाने के मामले में सीधे डीएम और एसएसपी को जिम्मेदार ठहराने का निर्देश दिया। यह दो दिनों में गृह मंत्रालय की दूसरी एडवाइजरी है।
सोमवार को त्रिपुरा में लेनिन की प्रतिमा तोड़े जाने के बाद राजनाथ ने राज्यपाल तथागत राय और डीजीपी से बात कर नई सरकार बनने तक कानून-व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया था। साथ ही दूसरे राज्यों में ऐसी घटनाओं की आशंका की खुफिया रिपोर्टो के मद्देनजर मंगलवार को गृह मंत्रालय की ओर से एडवाइजरी भी जारी कर दी गई थी। इसमें राज्यों को प्रतिमाओं की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने को कहा गया था।
पार्टियों से एकजुट होने की अपील
गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने सभी पार्टियों से ऐसी घटनाओं से निपटने के लिए एकजुट होने का आह्वान किया, ताकि इसके लिए दोषी व्यक्तियों के खिलाफ त्वरित व कड़ी कार्रवाई की जा सके। राजनाथ सिंह ने कहा कि मूर्ति गिराने की घटनाओं को कतई सही नहीं ठहराया जा सकता है।
भाजपा कार्यकर्ताओं की भी खैर नहीं
वहीं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि मूर्तियों को तोड़ने की हाल की घटनाएं नितांत दुर्भाग्यपूर्ण हैं। एक पार्टी के तौर पर हम इन घटनाओं का किसी तरह से समर्थन नहीं कर रहे हैं। भाजपा का कोई सदस्य यदि प्रतिमाओं को तोड़ने में शामिल पाया जाता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
संसद में भी उठा मामला
मूर्तियों को तोड़े जाने का मामला बुधवार को संसद के दोनों सदनों में भी उठा। राज्यसभा में सभापति एम वेंकैया नायडू ने ऐसा करने वालों को पागल तक करार दिया। भाजपा ने भी कार्यकर्ताओं को संदेश दिया है कि ऐसा कोई काम न करें। खासतौर पर तमिलनाडु में पेरियार की मूर्ति के साथ हुई घटना को लेकर नेतृत्व नाराज है।
भाजपा दफ्तर पर बम फेंका
कोयंबटूर में बुधवार को भाजपा दफ्तर पर पेट्रोल बम फेंका गया। इससे अफरा-तफरी मच गई। इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ। पुलिस ने बताया कि बाइक सवार हमलावरों ने शाम चार बजे के आसपास भाजपा कार्यालय पर दो पेट्रोल बम फेंक दिया। इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
एच राजा ने माफी मांगी
भाजपा नेता एच राजा ने पेरियार के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट लिखने के बाद माफी मांग ली है। उन्होंने फेसबुक पर लिखा था कि आज त्रिपुरा में लेनिन की मूर्ति तोड़ी जा रही है। कल त्रिपुरा में पेरियार की मूर्ति तोड़ी जाएगी। इस पर विवाद के बाद उन्होंने माफी मांग ली है। इस बीच, पार्टी अध्यक्ष अमित शाह ने कहा है कि राजा के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी।
देशभर में प्रतिमाओं का अपमान
-वामपंथी कार्यकर्ताओं ने बुधवार को कोलकाता में जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर कालिख पोतने के बाद उसे क्षतिग्रस्त कर दिया।
-उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के खुर्द गांव में बुधवार सुबह बाबा साहब भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त कर दी गई। इससे गांव में तनाव फैल गया।
-तमिलनाडु के वेल्लूर में मंगलवार रात द्रविड़ आंदोलन के संस्थापक ईवी रामास्वामी 'पेरियार' की प्रतिमा तोड़ दी गई। इसके खिलाफ द्रमुक व अन्य दलों ने प्रदर्शन किया।