डीके शिवकुमार आज लेंगे मुख्यमंत्री पद की शपथ, जी परमेश्वर बन सकते हैं डिप्टी सीएम
कर्नाटक की सियासत में आज एक बड़ा बदलाव होने जा रहा है। कांग्रेस के कद्दावर नेता डीके शिवकुमार आज को ...और पढ़ें

डीके शिवकुमार आज लेंगे मुख्यमंत्री पद की शपथ (फोटो- एक्स)
HighLights
10 मंत्रियों को भी कैबिनेट में शामिल किया जा सकता है।
राज्य में दो से तीन उपमुख्यमंत्री बनाए जाने की प्रबल संभावना है
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कर्नाटक की सियासत में आज एक बड़ा बदलाव होने जा रहा है। कांग्रेस के कद्दावर नेता डीके शिवकुमार आज को सूबे के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने जा रहे हैं। बेंगलुरु में होने वाले इस भव्य शपथ ग्रहण समारोह में उनके साथ करीब 10 मंत्रियों को भी कैबिनेट में शामिल किया जा सकता है।
इसके साथ ही, सियासी और सामाजिक समीकरणों को साधने के लिए राज्य में दो से तीन उपमुख्यमंत्री बनाए जाने की प्रबल संभावना है, जिसमें वरिष्ठ नेता जी परमेश्वर का नाम सबसे आगे चल रहा है।
दिल्ली में कांग्रेस आलाकमान के साथ लंबी मैराथन बैठकों के बाद मंत्रिमंडल के चेहरों और स्वरूप पर अंतिम मुहर लगा दी गई है।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर हुई बैठक
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर डीके शिवकुमार और सिद्दरमैया संग हुई बैठक में नई कैबिनेट के चेहरों पर मंत्रणा हुई। खरगे के साथ लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी, संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल और कर्नाटक के प्रभारी कांग्रेस महासचिव रणदीप सुरजेवाला भी बैठक में मौजूद थे।
समझा जाता है कि कांग्रेस हाईकमान ने वादे के अनुरूप सिद्दरमैया को आश्वासन दिया है कि सूबे में उनके अहिंदा सामाजिक समीकरणों का ध्यान रखते हुए मंत्रिमंडल में उनके समर्थकों को उचित भागीदारी दी जाएगी।
इस बैठक के बाद नए मंत्रिमंडल के स्वरूप पर सिद्दरमैया तथा शिवकुमार की केसी वेणुगोपाल तथा सुरजेवाला संग अलग बैठकें भी हुई। चूंकि कर्नाटक की सरकार में मुख्यमंत्री समेत 34 मंत्री ही हो सकते हैं। ऐसे में कयास लगाये जा रहे हैं कि उनके साथ 10 मंत्री शपथ ले सकते हैं।
शपथग्रहण में राहुल-प्रियंका होंगे शामिल
शिवकुमार अपने छोटे मंत्रिमंडल के साथ बुधवार को पहले शपथ लेंगे और फिर इसका विस्तार करेंगे। मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा समेत पार्टी शासित राज्यों के मुख्यमंत्री बुधवार को बेंगलुरू में डीके शिवकुमार के शाम 4:05 बजे होने वाले शपथ समारोह में शामिल होंगे।
पार्टी के सियासी गलियारों में चर्चा है कि राजनीतिक सामाजिक समीकरणों तथा 2028 के चुनाव को ध्यान में रखते हुए दलित, लिंगायत और अहिंदा तीनों समुदायाें से एक-एक उपमुख्यमंत्री हो सकता है।
दलित समुदाय से वरिष्ठ नेता जी परेमश्वर के साथ प्रियांक खरगे डिप्टी सीएम की दौड़ में शामिल है। इसी तरह सिद्दरमैया के बेटे यतींद्र को भी मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने की संभावना है और वे खुद हाईकमान से इसका आश्वासन दिए जाने की बात कह चुके हैं।
