दिग्विजय सिंह के फिर बिगड़े बोल, संत समागम में भगवा और भाजपा पर साधा निशाना
दिग्विजय सिंह ने भाजपा पर फिर निशाना साधा है। इस बार भी उनके निशाने पर भगवा और भाजपा हैं।
भोपाल, एएनआइ। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने भाजपा पर फिर निशाना साधा है। इस बार भी उनके निशाने पर भगवा और भाजपा हैं। भोपाल में संत समागम के दौरान दिग्विजय सिंह ने कहा कि आज भगवा पहन कर लोग दुष्कर्म कर रहे हैं, मंदिरों के भीतर महिलाओं के साथ यौन उत्पीड़न की घटनाए हो रही हैं। ऐसा करने वालों को हमारा सनातन धम्र कभी माफ नहीं करेगा। बता दें कि इस कार्यक्रम में साधु-संतों के हितों व गाय की रक्षा, नदियों के संरक्षण, मंदिरों की भूमि का पट्टा, साधु-संतों को वृद्धावस्था पेंशन और मठ-मंदिरों में चल रहीं गो-शालाओं का पंजीयन करने पर चर्चा हो रही है।
इस दौरान दिग्विजय सिंह ने कहा कि कोई व्यक्ति अपना परिवार छोड़कर साधु बनता है। धर्म का आचरण करते हुए आध्यात्म की ओर मुड़ता है, लेकिन आज लोग भगवा वस्त्र पहनकर लोग चूरन बेच रहे हैं। भगवा वस्त्र पहनकर दुष्कर्म हो रहे हैं, मंदिरों में महिलाओं का यौन उत्पीड़न हो रहे हैं। क्या यह हमारा धर्म है? हमारे सनातन धर्म को जिन्होंने बदनाम किया है, उन्हें भगवान भी माफ नहीं करेगा।'
दरअसल, दिग्विजय सिंह का इशारा स्वामी चिन्मयानंद की ओर था, जिनकी मुश्किलें बढ़ती हुई नजर आ रही हैं। चिन्मयानंद पर दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली छात्रा को बयान दर्ज कराने के लिए न्यायिक मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया। माना जा रहा है कि इसके बाद चिन्मयानंद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया जाएगा। जल्द ही गिरफ्तारी हो सकती है। छात्रा ने पांच सितंबर को दिल्ली के लोधी रोड थाने में स्वामी चिन्यामनंद पर दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए जीरो क्राइम नंबर पर एफआइआर दर्ज कराई थी। नियमानुसार वहां से एफआइआर एसआइटी को स्थानांतरित कर दी गई।