Move to Jagran APP

जोगी की पार्टी के कांग्रेस में विलय के सोनिया के सुझाव पर भूपेश कैबिनेट में मतभेद

मुख्यमंत्री बघेल ने इस मामले में मंत्रिमंडल के सहयोगियों से राय ली है। इसमें तीन से अधिक मंत्रियों ने विलय के इस प्रस्ताव का विरोध किया है।

By Bhupendra SinghEdited By: Published: Wed, 03 Jun 2020 05:39 PM (IST)Updated: Wed, 03 Jun 2020 09:02 PM (IST)
जोगी की पार्टी के कांग्रेस में विलय के सोनिया के सुझाव पर भूपेश कैबिनेट में मतभेद
जोगी की पार्टी के कांग्रेस में विलय के सोनिया के सुझाव पर भूपेश कैबिनेट में मतभेद

रायपुर, स्टेट ब्यूरो।: छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी की पार्टी जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जकांछ) के कांग्रेस में विलय को लेकर न केवल कांग्रेस संगठन बल्कि कैबिनेट में भी मतभेद है। तीन से अधिक मंत्री इस विलय के पक्ष में नहीं हैं। इसी वजह से दोनों ही दलों के नेता ऐसे किसी प्रस्ताव से इन्कार कर रहे हैं। इस बीच कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया तीन दिन के लिए छत्तीसगढ़ आ रहे हैं। उनके इस प्रवास को इस मामले से जोड़कर देखा जा रहा है।

loksabha election banner

सोनिया गांधी के विलय कराने के सुझाव का मंत्रियों ने किया विरोध

कांग्रेस सूत्रों के अनुसार पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी के विलय कराने के सुझाव पर कैबिनेट के सदस्यों से राय ली गई है। इसमें कभी जोगी के बेहद करीबी रहे एक गैर आदिवासी मंत्री ने सबसे पहले इस प्रस्ताव का विरोध किया। इसके बाद बिलासपुर और अंबिकापुर संभाग से आने वाले दो मंत्रियों ने भी इस पर असहमति व्यक्त की। कुछ मंत्रियों ने कोई राय नहीं दी, जबकि कुछ ने संगठन और आलाकमान पर बात छोड़ दी। बताया जा रहा है कि कैबिनेट ही नहीं, कांग्रेस संगठन के भी कई नेता इस विलय के खिलाफ हैं।

अमित जोगी ने कांग्रेस में विलय से किया इन्कार

उधर, पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी के बेटे और जकांछ के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी ने पार्टी के कांग्रेस में विलय से इन्कार किया है। उन्होंने कहा कि जोगीजी के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करने वालों के लगातार फोन आ रहे हैं। कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी व पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी का भी फोन आया था। उन्होंने अपनी भावनाएं व्यक्त कीं, लेकिन इस दौरान किसी भी तरह की राजनीतिक चर्चा नहीं हुई।

विलय के खिलाफ नेताओं के तर्क

कांग्रेस के ज्यादातर नेताओं को जकांछ के चारों विधायकों डॉ. रेणु जोगी, धर्मजीत सिंह, देवव्रत सिंह और प्रमोद शर्मा से कोई शिकायत नहीं है। इनमें से कुछ नेताओं ने लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के पक्ष में काम भी किया था। इसके बावजूद जकांछ को कांग्रेस में शामिल करने के खिलाफ खड़े मंत्री और नेताओं का तर्क है कि जोगी परिवार के कारण ही कांग्रेस 15 साल तक प्रदेश की सत्ता से बाहर रही। 2018 के चुनाव में भी जनता ने साथ दिया वरना जकांछ ने कांग्रेस को हराने में कोई कसर नहीं छोड़ी थी।

पुनिया के दौरे पर निगाहें

पार्टी नेताओं की निगाहें अब प्रदेश प्रभारी पुनिया के दौरे पर टिकी हुई हैं। पुनिया शुक्रवार की शाम को रायपुर आएंगे। शनिवार और रविवार को पूरे दिन वह बैठकें करेंगे। इस दौरान पार्टी के समन्वय समिति की भी बैठक होगी। सूत्र बता रहे हैं कि इसमें जकांछ के विलय के साथ कैबिनेट में बदलाव को लेकर भी चर्चा हो सकती है।

पूर्व सीएम जोगी के दशगात्र के बहाने अमित दिखाएंगे राजनीतिक ताकत

आठ जून को पूर्व मुख्यमंत्री स्व.अजीत जोगी के गृहग्राम में उनके दशगात्र का कार्यक्रम होगा। परिजनों व समाज के अलावा मरवाही विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में शोकपत्र बांटे जा रहे हैं। भीड़ जुटाकर पूर्व सीएम के पुत्र अमित जोगी राजनीति वजूद बनाए रखने की कोशिश करते हुए राजनीतिक ताकत दिखाएंगे। इतने बड़े आयोजन को लेकर भी राजनीति गरमाने लगी है। राज्य में बढ़ते कोरोना संक्रमण के केस के बीच शारीरिक दूरी का पालन भीड़ से कराना प्रशासन के लिए भी बड़ी चुनौती होगी।

छत्तीसगढ़ में बंद होंगे स्कूल भवनों में चल रहे क्वारंटाइन सेंटर

छत्तीसगढ़ में इस वक्त करीब 19 हजार से अधिक क्वारंटाइन सेंटर बनाए गए हैं। इनमें से अधिकांश स्कूल और छात्रावास भवनों में बनाए गए हैं। सरकार ने एक जुलाई से मिडिल स्कूल खोलने का फैसला किया है। इसे देखते हुए स्कूलों में चल रहे क्वारंटाइन सेंटरों को बंद करने का फैसला किया गया है। 25 जून तक सभी स्कूल भवनों में चल रहे क्वारंटाइन सेंटरों को बंद कर उन्हें सैनिटाइज करने के निर्देश दिए गए हैं। हालांकि राज्य में क्वारंटाइन सेंटर बंद नहीं किए जाएंगे। प्रवासी श्रमिकों की वापसी पूरी होने तक सेंटर चलाए जाएंगे। अब सरकार के सामने क्वारंटाइन सेंटर के लिए नए सिरे से भवन खोजने की चुनौती भी है।

मौत के बाद रिपोर्ट आई कोरोना पॉजिटिव, एम्स ने गेंद डाली सरकार के पाले में

छत्तीसगढ़ में अस्पतालों में भर्ती एक बच्चे और एक महिला की मौत के बाद जांच रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद भी स्वास्थ्य विभाग ने अभी तक उन्हें कोरोना मृतकों की संख्या में नहीं जोड़ा है। अब एम्स रायपुर ने ट्वीट कर मृत महिला के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने की रिपोर्ट छत्तीसगढ़ शासन को भेज देने की बात कही है।

छत्तीसगढ़ पीएससी के चेयरमैन की नियुक्ति पर विवाद

छत्तीसगढ़ में पीएससी चेयरमैन के पद पर टामन सिंह सोनवानी की नियुक्ति को लेकर विवाद शुरू हो गया है। भाजपा ने सवाल किया है कि टामन सिंह ने आइएएस पद से कब इस्तीफा दिया। केंद्र सरकार ने उनका इस्तीफा कब स्वीकार किया। साथ ही सरकार उनकी नियुक्ति आदेश को भी सार्वजनिक करें। केआर पिस्दा के रिटायर होने के बाद सरकार ने सोनवानी को पीएससी चेयरमैन नियुक्त किया है।

भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष गुरुवार को पहुंचेंगे छत्तीसगढ़

भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय गुरुवार को राज्य की राजधानी रायपुर पहुंचेंगे। वह प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में पदभार ग्रहण करेंगे

छत्तीसगढ़ में नई भर्तियों पर रोक

छत्तीसगढ़ में नई भर्तियों पर रोक लगा दी है। इस बीच वित्त विभाग ने बेरोजगारों को बड़ी राहत दी है खासतौर पर स्कूल शिक्षा विभाग में शिक्षक पद पर नियुक्त होने वाले बेरोजगारों को तो इस आदेश से सुकून का एहसास होगा। वित्त विभाग ने स्पष्ट किया है कि वित्त विभाग से अनुमति प्राप्त करने के बाद नए पदों पर नियुक्ति के लिए जो भर्ती प्रक्रिया जारी है उस पर कोई रोक नहीं है।

नक्सलियों ने तेंदूपत्ता गोदाम फूंका

नक्सलियों ने मंगलवार रात कांकेर जिले के सिकसोड़ थाना इलाके के सुरेवाही गांव में तेंदूपत्ता गोदाम में आग लगा दी। इसमें 1222 मानक बोरा तेंदूपत्ता जलकर खाक हो गया। एक अन्य घटना में नक्सलियों ने कोयलीबेड़ा इलाके के कड़मे समिति का गोदाम फूंकने की भी कोशिश की। मजदूरों ने किसी तरह आग पर काबू पाया।

वन अधिकारों पर भूपेश सरकार का यू-टर्न, विभाग को नोडल एजेंसी बनाने का आदेश वापस

रायपुर: छत्तीसगढ़ में सामाजिक संगठनों के बढ़ते दबाव के बीच सरकार ने अपने उस आदेश को वापस ले लिया है, जिसमें वन अधिकार देने के लिए वन विभाग को नोडल एजेंसी बनाया गया था। छत्तीसगढ़ बचाओ आंदोलन सहित एक दर्जन संगठनों ने इसका विरोध किया था। इससे पहले केंद्र की यूपीए सरकार ने वन अधिकारों के लिए आदिम जाति कल्याण विभाग को अधिकृत किया था। राज्य की बघेल सरकार ने इसे बदलकर वन विभाग को नोडल एजेंसी बना दिया था।

इतिहास को लेकर उलझ रही राजनीति, पुरावशेषों को सहेजने पर असमंजस

जशपुरनगर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में मिले प्रगैतिहासिक काल के भित्ति चित्र व पुरावशेषों के संरक्षण और विस्तृत अध्ययन होने से पहले राजनीति शुरू हो गई है। भारतीय जनता पार्टी ने जिले के अलग अलग स्थानों पर रखे हुए पुरावशेषों की हो रही लगातार चोरी को लेकर मोर्चा खोल दिया है। इससे पुरातत्व संग्राहलय बनाने का काम भी अधर में लटने की आशंका जताई जा रही है। पुरातत्व को लेकर जिले में चार दिन पूर्व उस वक्त विवाद शुरू हुआ,जब मनोरा तहसील के हर्राडीपा स्थित ग्वालिनसरना से पुरावशेष चोरी होने का आरोप लगाते हुए स्थानीय रहवासियों ने मोर्चा खोला।

कोरोना मीटर छत्तीसगढ़

नए केस-           शून्य

एक्टिव केस-     462

कुल संक्रमित-   593

स्वस्थ हुए-        130

मौत-                 01


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.