विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

तमिलनाडु में सियासी घमासान: दिनाकरन ने विजय की TVK पर लगाया फर्जी समर्थन पत्र का आरोप, थाने पहुंची शिकायत

Published: Sat, 09 May 2026 07:04 AM (IST)

एएमएमके प्रमुख टीटीवी दिनाकरन ने थलपति विजय की पार्टी टीवीके पर फर्जी समर्थन पत्र जमा करने का गंभीर आरोप लगाया ...और पढ़ें

दिनाकरन ने विजय की पार्टी पर लगाया फर्जी समर्थन पत्र देने का आरोप (फोटो- एक्स)

दिनाकरन ने विजय की पार्टी पर लगाया फर्जी समर्थन पत्र देने का आरोप (फोटो- एक्स)

HighLights

  1. दिनाकरन ने चेन्नई के गुइंडी थाने में टीवीके के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई

  2. विजय की पार्टी टीवीके ने दिनाकरन के सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। तमिलनाडु में सरकार गठन को लेकर चल रहे सस्पेंस के बीच नया विवाद खड़ा हो गया है। एएमएमके प्रमुख टीटीवी दिनाकरन ने थलपति विजय की पार्टी तमिलगा वेट्री कझगम (टीवीके) पर फर्जी समर्थन पत्र जमा करने का गंभीर आरोप लगाया है। दिनाकरन ने इसे जालसाजी बताते हुए चेन्नई के गुइंडी थाने में टीवीके के खिलाफ औपचारिक शिकायत दर्ज करा दी है।

पुलिस शिकायत में लगाए ये आरोप

दिनाकरन का दावा है कि उनके इकलौते विधायक एस. कामराज की ओर से टीवीके को समर्थन वाला पत्र फर्जी है।

उन्होंने राज्यपाल को मूल पत्र दिखाया, जो उनके मुख्यमंत्री उम्मीदवार एडाप्पडी पलानीस्वामी की ओर से जारी किया गया था।
दिनाकरन ने कहा कि टीवीके ने मूल पत्र की फोटोकॉपी जालसाजी करके राज्यपाल को सौंपी। राज्यपाल ने मूल पत्र मांगा था। यह आपराधिक मामला है।

दिनाकरन का एक्शन

दिनाकरन खुद गुइंडी पुलिस स्टेशन पहुंचे और जालसाजी व फर्जी दस्तावेज जमा करने का केस दर्ज कराया। उन्होंने राज्यपाल से मुलाकात के दौरान भी यह मुद्दा उठाया। दिनाकरन ने आगे कहा कि एआईएडीएमके के नेतृत्व में सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे और अन्य दलों से समर्थन जुटाएंगे।

टीवीके का पलटवार

विजय की पार्टी टीवीके ने दिनाकरन के सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। पार्टी ने एएमएमके विधायक एस. कामराज का एक वीडियो जारी किया, जिसमें कामराज विजय को समर्थन देते नजर आ रहे हैं।

टीवीके ने दावा किया है कि कामराज का समर्थन दिनाकरन की सहमति से ही लिया गया था। पार्टी ने कहा कि हमें किसी से बार्गेनिंग या नेगोशिएशन की जरूरत नहीं है।

विजय पर विधायकों की खरीद-फरोख्त का आरोप

इससे पहले दिनाकरन ने विजय पर विधायकों की खरीद-फरोख्त का आरोप लगाया था और अपने विधायक कामराज के “लापता” होने की शिकायत राज्यपाल से की थी। आधी रात के बाद दिनाकरन कामराज को साथ लेकर राजभवन पहुंचे और एआईएडीएमके के समर्थन वाला पत्र सौंपा।

बहुमत से दूर विजय

विधानसभा चुनाव में 108 सीटें जीतने वाली टीवीके अभी भी बहुमत (118) का आंकड़ा जुटाने की कोशिश में जुटी है, लेकिन फर्जी पत्र विवाद ने सियासी उथल-पुथल और बढ़ा दी है। राज्यपाल आर.वी. अर्लेकर अभी भी लिखित समर्थन पत्रों की जांच कर रहे हैं।