मोदी के कई चीन दौरे के बावजूद उसने हमारी जमीन पर कब्जा किया : कांग्रेस
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल ने लद्दाख में चीन के साथ गतिरोध को लेकर पीएम नरेंद्र मोदी पर तंज कसते हुए कहा कि उन्होंने नौ बार चीन का दौरा किया।
नई दिल्ली, प्रेट्र। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल ने लद्दाख में चीन के साथ गतिरोध को लेकर शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज कसते हुए कहा कि उन्होंने नौ बार चीन का दौरा किया। पांच बार तो प्रधानमंत्री के तौर पर दौरा किया। इसके बावजूद उसने हमारी जमीन पर कब्जा कर लिया। पटेल ने ट्वीट किया, जब चीन ने हमारे क्षेत्र पर फिर कब्जा कर लिया है, तो चीन की आधिकारिक यात्राओं की सूची का जिक्र करना जरूरी है। इसके बाद उन्होंने सभी प्रधानमंत्रियों के चीन दौरे का विवरण दिया।
अहमद पटेल ने लद्दाख में गतिरोध को लेकर पीएम पर कसा तंज
उन्होंने कहा कि मोदी ने नौ बार चीन की यात्रा की, जबकि उनके पूर्ववर्ती मनमोहन सिंह सिर्फ दो बार वहां गए थे। पूर्व प्रधानमंत्रियों जवाहरलाल नेहरू, राजीव गांधी, अटल बिहारी वाजपेयी और नरसिंह राव ने सिर्फ एक बार चीन की यात्रा की। अन्य प्रधानमंत्रियों ने वहां का दौरा नहीं किया। मोदी की कई बार की चीन यात्राओं के बावजूद देश को इस स्थिति का सामना करना पड़ रहा है।
While Chinese have again occupied our territory,important to remember list of official visits to China
Pt Nehru: 1
Shastriji:0
Indira ji:0
Morarji Bhai:0
Rajiv ji: 1
Narsimha Rao ji: 1
Devegowda ji:
Gujral ji:0
Vajpayeeji: 1
Dr Singh:2
Modi ji: 9 (5 times as PM, 4 times as CM) — Ahmed Patel (@ahmedpatel) June 13, 2020
सिब्बल ने पेट्रोल, डीजल पर भारी टैक्स लगाने के लिए की सरकार की आलोचना
इस बीच, कांग्रेस के एक और वरिष्ठ नेता कपिल सिब्बल ने पेट्रोल, डीजल पर भारी टैक्स लगाने के लिए केंद्र सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार पेट्रोल और डीजल पर भारी टैक्स लगाकर आम लोगों पर बोझ बढ़ा रही है।
उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्रूड ऑयल की कीमत गिरकर 15 वर्षो के न्यूनतम स्तर पर पहुंच गई है। इसके बावजूद पेट्रोल और डीजल की कीमत आसमान छू रही है। उन्होंने कहा कि सरकार ने पेट्रोल और डीजल की ज्यादा कीमतों से पिछले छह दिनों में 44,000 करोड़ रुपये कमाए हैं। इतना ही नहीं पांच मार्च से सरकार पेट्रोल और डीजल की बढ़ी कीमतों से 2.5 लाख करोड़ रुपये कमा चुकी है।