शशि थरूर की दो टूक, 72 साल बाद कश्मीर पर UN प्रस्ताव लागू करने की मांग मूर्खतापूर्ण
शशि थरूर ने कहा कि मांग करने वाले प्रस्ताव की वास्तविक जरूरत को देखें।
नई दिल्ली, एएनआइ। कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कश्मीर पर यूएन प्रस्ताव लागू करने की मांग का विरोध किया है। कांग्रेस सांसद ने कहा है कि 72 साल और चार युद्धों और गुलाम कश्मीर में जनसंख्या एवं क्षेत्रीय सीमा में हुए बदलाव के बाद यूएन प्रस्ताव को जिंदा करना मूर्खतापूर्ण है।
थरूर ने ट्वीट किया है, 'चाहे पाकिस्तान या ब्रिटेन के जो लोग कश्मीर पर यूएन प्रस्ताव लागू करने की मांग कर रहे हैं वह 1948 के रेस 457 की वास्तविक जरूरत को देख लें। इसे पूरी तरह नहीं पैरा दर पैरा अपनाने की जरूरत थी। घोषणा की गई थी कि समयबद्ध जवाबदेही क्रम से लागू होगी।'
एक अन्य ट्वीट में थरूर ने कहा है, 'पहले पाकिस्तान को सभी कबायली और पाकिस्तानी नागरिकों को वापस लेना था। उसने कहा था कि उसकी सेना शामिल नहीं थी। दूसरा भारत गुलाम कश्मीर में आगे बढ़ेगा और जम्मू एवं कश्मीर में अपनी सेना कम करेगा।'
कांग्रेस सांसद ने कहा है कि भारत ने नहीं बल्कि पाकिस्तान ने ही अपनी पहली शर्त पूरी नहीं की। इसके बाद भी वह चार युद्ध और 72 साल बीत जाने के बाद प्रस्ताव लागू करने की मूर्खतापूर्ण मांग कर रहा है।
थरूर ने जेटली के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की
शशि थरूर ने कहा है कि उन्हें अपने विश्वविद्यालय समकालिक और मित्र अरुण जेटली के स्वास्थ्य की स्थिति से राहत मिली है। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ने पूर्व केंद्रीय मंत्री हालत स्थिर बताई है। उन्होंने उम्मीद जताई है कि पूर्व केंद्रीय मंत्री के खिलाफ वह फिर से राजनीतिक बयान देते नजर आएंगे। जेटली को शुक्रवार को दिल्ली में एम्स में भर्ती कराया गया।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप