सेना प्रमुखों के साथ रक्षा मंत्री ने की बैठक, देश की सुरक्षा का लिया जायजा
देश की सुरक्षा का जायजा लेते हुए तीनों सेना प्रमुखों व सीडीएस जनरल बिपिन रावत से रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मुलाकात की।
नई दिल्ली, एएनआइ। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोमवार को रक्षा प्रमुख (CDS) जनरल बिपिन रावत व तीनों सेना के प्रमुखों के साथ सुरक्षा समीक्षा बैठक की। दरअसल, 6 जून को लद्दाख में जारी तनाव को खत्म करने के लिए दोनों देशों की सेनाओं के बीच बैठक हुई थी। इस पर चर्चा करने के लिए आज केंद्रीय रक्षा मंत्री द्वारा यह बैठक आयोजित की गई। बताया जा रहा है कि इस बैठक में वास्तविक नियंत्रण रेखा पर ताजा हालात की जानकारी दी गई साथ ही भविष्य की रणनीति को लेकर भी चर्चा हुई। 6 जून की बैठक में दोनों देशों ने जिन मुद्दों पर आपत्ति जताई उसे लेकर आज चर्चा की गई। पिछले माह की शुरुआत से भारत और चीन के बीच विवाद जारी है। भारत के अनुसार, चीनी सैनिक लद्दाख में भारतीय क्षेत्र में घुस गए वहीं चीन उसे वास्तविक नियंत्रण रेखा बता रहा है।
पांगोंग लेक (Pangong Lake) पर 5 मई को दोनों देशों की सेना आपस में भिड़ गई थी। इस भिड़त में दोनों ओर के कई जवान जख्मी हुए थे। सूत्रों ने बताया था कि लद्दाख में भारत की ओर से सड़क निर्माण के बाद से यह नया विवाद शुरू हुआ है।
6 जून को हुई थी लेफ्टिनेंट स्तर पर वार्ता
दोनों देशों के बीच कई राउंड की वार्ता असफल रहने के बाद 6 जून को लेफ्टिनेंट स्तर पर वार्ता हुई जिसमें बातचीत के जरिए सुलझाने पर जोर दिया गया। भारत की ओर से यह मांग की गई कि अप्रैल से पहले वाली स्थिति को दोबारा बहाल किया जाए लेकिन इस बैठक में इसपर कुछ फैसला नहीं हुआ।
कुछ दिन पहले ही रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बताया था कि भारत और चीन की सेनाओं के बीच लगभग एक महीने से चले आ रहे गतिरोध के चलते पूर्वी लद्दाख में चीनी सैनिकों की अच्छी खासी संख्या है और इसका सामना करने के लिए भारत ने भी आवश्यक कदम उठाए हैं।