संघ में दत्तात्रेय का कद बढ़ने की अटकलें, ले सकते हैं भैयाजी की जगह
सह सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले को संघ का नया सरकार्यवाह चुना जा सकता है। नागपुर में RSS की बैठक का दूसरा दिन।
नई दिल्ली (जागरण ब्यूरो)। नागपुर में शुरू हुई राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा की बैठक के साथ ही संभावित अंदरूनी कुछ बदलावों को लेकर अटकलें भी तेज हो गई हैं। चुप्पी के बावजूद माना जा रहा है कि संघ के कामकाज को देखने वाले शीर्ष नेतृत्व सरकार्यवाह के पद पर नया चेहरा होगा। नए चेहरे के रूप में सह सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले को देखा जा रहा है। ध्यान रहे कि कर्नाटक से आने वाले होसबोले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के करीबी भी माने जाते हैं।
यूं तो संघ में बदलाव को लेकर अरसे से चर्चा चलती रही है, लेकिन बैठक की शुरुआत में ही एक ऐसी घटना हुई जिसने इस अटकल को बल दे दिया है। दरअसल, ऐसी बैठकों के पहले दिन मीडिया से दत्तात्रेय ही रूबरू होते रहे हैं। शुक्रवार को सह सरकार्यवाह कृष्ण गोपाल आए जो भाजपा और संघ के बीच समन्वय का काम भी देखते हैं। जाते-जाते वह यह कह गए कि अगली बार बाकी के सवालों का जवाब सरकार्यवाह देंगे, लेकिन उन्होंने नाम नहीं बताया। सरसंघचालक के बाद नंबर दो पर आने वाले सरकार्यवाह ही सामान्यत: पूरा कामकाज देखते हैं।
ध्यान रहे कि वर्तमान सरकार्यवाह सुरेश भैयाजी जोशी 2009 में प्रतिनिधि सभा से ही चुनकर आए थे। संघ भाजपा की मातृ संस्था है और इस नाते वहां होने बदलावों को भाजपा की कार्यशैली और नेतृत्व से जोड़कर देखा जाता रहा है। दत्तात्रेय भैयाजी के बाद तीसरे सबसे वरिष्ठ पदाधिकारी हैं। संघ में जो भी बदलाव होने हैं उसका निर्णय आज (शनिवार) शाम तक हो जाएगा। वैसे यह तय माना जा रहा है कि संघ में बदलाव हुआ तो विहिप जैसे दूसरे संगठनों में भी बदलाव होगा।