राफेल डील पर मोदी सरकार को घेरने के लिए 100 शहरों में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगी कांग्रेस
इधर राफेल लड़ाकू विमान के इस सौदे में कथित धांधली का आरोप लगाते हुए बुधवार को कांग्रेस ने भाजपा पर हमला तेज कर दिया।
नई दिल्ली, एएनआइ। कांग्रेस पार्टी ने अगामी लोकसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा पर हमले तेज कर दिए हैं। मोदी सरकार का घेराव करने की रणनीति के तहत कांग्रेस ने राफेल लड़ाकू विमान सौदे के मुद्दे पर 25 अगस्त से देश के 100 बड़े शहरों में दो फेज में प्रेस कॉन्फ्रेंस करने का निर्णय लिया है। सूत्रों के हवाले से ये जानकारी सामने आई है। हालांकि कांग्रेस की ओर से अभी तक इस बारे में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।
इधर राफेल लड़ाकू विमान के इस सौदे में कथित धांधली का आरोप लगाते हुए बुधवार को कांग्रेस ने भाजपा पर हमला तेज कर दिया। कांग्रेस का कहना है कि वो इस मुद्दे की जेपीसी जांच की मांग पर दबाव बनाने के लिए सड़कों पर उतरेगी। कांग्रेस नेता और पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा, 'हम जेपीसी से पारदर्शी, निष्पक्ष और स्वतंत्र जांच के लिए दबाव बनाएंगे। हमारी पार्टी इस घोटाले को बेनकाब करने के लिए पूरे देश में आंदोलन चलाएगी।
उधर जर्मनी के हैम्बर्ग में बुसेरियस समर स्कूल में छात्रों को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने देश में उन्माद की हिंसा (मॉब लिंचिंग) की बढ़ती घटनाओं को बेरोजगारी से जोड़ते मोदी सरकार पर हमला किया। उन्होंने कहा कि राहुल ने जर्मनी में कहा कि देश में बेरोजगारी के बढ़ने की वजह से लोगों में गुस्सा है और उसी का कारण ये हिंसक घटनाएं हैं। कुछ साल पहले प्रधानमंत्री जी ने भारतीय अर्थव्यवस्था में नोटबंदी का फैसला किया और एमएसएमई के नकद प्रवाह को बर्बाद कर दिया, अनौपचारिक क्षेत्र में काम करने वाले लाखों लोग बेरोजगार हो गए। बड़ी संख्या में छोटे व्यवसायों में काम करने वाले लोगों को वापस अपने गांव लौटने को मजबूर होना पड़ा। इससे लोग काफी नाराज हैं।