कांग्रेस अर्थव्यवस्था की स्थिति पर मोदी सरकार घेरेगी, 5 नवंबर से देशभर में प्रदर्शन
कांग्रेस ने देश की आर्थिक स्थिति को लेकर देशव्यापी विरोध प्रदर्शन करने का एलान किया है। कांग्रेस का यह विरोध प्रदर्शन 5 से 15 नवंबर के बीच किया जाएगा।
नई दिल्ली, एएनआइ। देश की आर्थिक स्थिति को लेकर कांग्रेस पार्टी लगातार केंद्र सरकार पर हमले कर रही है। अब कांग्रेस ने देश की आर्थिक स्थिति को लेकर देशव्यापी विरोध प्रदर्शन करने का एलान किया है। कांग्रेस का यह विरोध प्रदर्शन 5 से 15 नवंबर के बीच किया जाएगा। हालांकि, कांग्रेस पार्टी ने पहले देशभर में 15 से 25 अक्टूबर तक विरोध प्रदर्शन करने की योजना बनाई थी, जिसे अब आगे बढ़ा दिया गया है। दरअसल, 21 अक्टूबर को महाराष्ट्र और हरियाणा में विधानसभा चुनाव के अलावा कई राज्यों में उपचुनाव हुए हैं और 24 अक्टूबर को मतगणना है। इसलिए कांग्रेस ने मोदी सरकार के खिलाफ अपने देशव्यापी विरोध प्रदर्शन की तिथि को आगे बढ़ाने में ही समझदारी समझी।
कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल ने बताया कि केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ हम 5 से 15 नवंबर के बीच पूरे देश में विरोध प्रदर्शन करने जा रहे हैं। इस दौरान केंद्र सरकार के कारण देश की जो मौजूद आर्थिक स्थिति है, उस पर जनता का ध्यान आकर्षित कराया जाएगा। ऐसी संभावना जताई जा रही है कि कांग्रेस के इस विरोध प्रदर्शन में देश के अलग-अलग हिस्सों में दिग्गज नेता भी सड़कों पर नजर आएंगे। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा भी विरोध प्रदर्शन में शामिल हो सकती है। हालांकि, कांग्रेस की ओर से अभी ये जानकारी नहीं दी गई है कि कौन-सा नेता कहां विरोध प्रदर्शन करता नजर आएगा।