कमलनाथ के बयान की भाजपा ने की निंदा, कहा- कोविड के खिलाफ भारत की लड़ाई कमजोर कर रही कांग्रेस
कमल नाथ ने अपने बयान में कहा था कि भारत महान तो नहीं बना लेकिन कोविड-19 के प्रसार के कारण बदनाम जरूर हो गया। भाजपा नेता ने पूछा कि क्या भारत को बदनाम करना कांग्रेस नेताओं की प्राथमिकता में शामिल हो चुका है।
नई दिल्ली, प्रेट्र। भाजपा ने कांग्रेस पर कोविड-19 से देश की लड़ाई को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए कहा कि विपक्षी पार्टी पाकिस्तान जैसों को भारत को बदनाम करने का अवसर दे रही है।
भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने शनिवार को मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ के बयान का हवाला देते कहा कि इस बारे में कांग्रेस को अपना पक्ष साफ करना चाहिए। कमल नाथ ने कहा था, 'भारत महान तो नहीं बना, लेकिन कोविड-19 के प्रसार के कारण बदनाम जरूर हो गया।' भाजपा नेता ने पूछा कि क्या भारत को बदनाम करना कांग्रेस नेताओं की प्राथमिकता में शामिल हो चुका है।
वर्चुअल प्रेस कांफ्रेंस में भाजपा नेता ने पूछा कि क्या कांग्रेस नेता पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी की अनुमति से ऐसे बयान दे रहे हैं। उन्होंने कहा, 'इस घिनौने वक्तव्य पर कांग्रेस पार्टी शांत क्यों है? सोनिया गांधी ने चुप्पी क्यों नहीं तोड़ी। क्या वह मानती हैं कि भारत महान नहीं, बदनाम है। कांग्रेस का दोहरा मानदंड और सत्ता सुख के लिए किसी भी निचले स्तर पर उतर जाने का चरित्र रहा है। कांग्रेस नेता चीनी सोच और इटालियन चश्मे को उतारकर भारत को देखें।'