बैकफुट पर कांग्रेस, कहा-राहुल गांधी या पार्टी ने नहीं किया 'भगवा आतंकवाद' शब्द का इस्तेमाल
कांग्रेस के नेता पीएम पुनिया ने कहा कि कांग्रेस पार्टी या राहुल गांधी ने कभी भगवा आतंकवाद का इस्तेमाल नहीं किया है।
नई दिल्ली, (पीटीआइ)। मक्का मस्जिद ब्लास्ट केस में सभी आरोपियों के बरी हो जाने के बाद कांग्रेस बैकफुट आ गई है। कांग्रेस के नेता पीएम पुनिया ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी या राहुल गांधी ने कभी भगवा आतंकवाद का इस्तेमाल नहीं किया है। उन्होंने सफाई देते हुए कहा कि भगवा आंतकवाद जैसा कुछ नहीं होता है। कांग्रेस का विश्वास है कि आतंकवाद को किसी धर्म या समुदाय से नहीं जोड़ा जा सकता। उन्होंने साफ किया कि राहुल गांधी या पार्टी ने कभी 'भगवा आतंकवाद' शब्द का इस्तेमाल नहीं किया। दूसरी तरफ भाजपा कांग्रेस पर तुष्टीकरण के आरोप लगा रही है। भाजपा ने कहा है कि कांग्रेस मक्का मस्जित केस के सहारे हिंदुओं को बदनाम कर रही है।
गौरतलब है कि 2007 के मक्का मस्जिद विस्फोट मामले में दक्षिणपंथी संगठन के कार्यकर्ता असीमानंद और 4 अन्य को सोमवार को एक अदालत द्वारा बरी किए जाने के बाद बीजेपी ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि विपक्षी दल ने 'भगवा आतंकवाद' शब्द का इस्तेमाल कर हिंदुओं को अपमानित किया था और राहुल गांधी को इसके लिए माफी मांगनी चाहिए। इसके बाद कांग्रेस की प्रतिक्रिया आई। हालांकि कांग्रेस के ज्यादातर पार्टी नेता इस मामले पर चुप हैं। अपने संसदीय क्षेत्र अमेठी का दौरा कर रहे कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने इस मुद्दे पर कोई टिप्पणी नहीं की।।
कांग्रेस प्रवक्ता पुनिया ने कहा कि आतंकवाद एक आपराधिक मानसिकता है और इसे किसी धर्म या समुदाय से नहीं जोड़ा जा सकता। उन्होंने आगे कहा कि 'यह केवल बकवास है। भगवा आतंकवाद जैसा कुछ नहीं कहा गया। हमारा पुरजोर विश्वास है कि आतंकवाद को किसी धर्म या समुदाय या जाति से नहीं जोड़ा जा सकता। यह आपराधिक मानसिकता है जिससे आपराधिक गतिविधि होती है और इसे किसी धर्म या समुदाय से नहीं जोड़ा जा सकता।'
मक्का ब्लास्ट केस के आरोपियों के बरी होने के फैसले पर पुनिया ने कहा कि वह पहले फैसले का अध्ययन करेंगे और फिर इस पर बात करेंगे। उन्होंने कहा, 'हालांकि शुरुआती खबरों में कहा गया है कि सबूत नहीं दिए गए और इकबालिया बयान व अन्य दस्तावेज गुम हैं। अभियोजन पक्ष की नाकामी लगती है। फैसला आने के बाद बात करना सही होगा।'