ओडिशा में 25 को चुनावी बिगुल फूंकेंगे राहुल गांधी, कटक में करेंगे विशाल जनसभा को संबोधित
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष निरंजन पटनायक के अनुसार, राहुल गांधी का भुवनेश्वर एयरपोर्ट पर पहुंचने पर भव्य स्वागत किया जाएगा।
जागरण संवाददाता , भुवनेश्वर। आगामी आम चुनाव को लेकर सभी राजनीतिक दलों ने अपनी-अपनी तैयारियां शुरू कर दी है। भाजपा की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीते दिसंबर के आखिरी सप्ताह व जनवरी के पहले सप्ताह में दो दौरे के बाद ओडिशा में सियासी गतिविधियां बढ़ गई हैं।
कांग्रेस ने भी मिशन-2019 को लेकर अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसके तहत कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी 25 जनवरी को ओडिशा आ रहे हैं। वह यहां कटक में एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। माना जा रहा है कि राहुल गांधी इसी जनसभा के जरिये आगामी आम चुनाव का बिगुल फूंकेंगे। राहुल गांधी के कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस की ओर से तमाम तैयारी की जा रही है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष निरंजन पटनायक के अनुसार, राहुल गांधी का भुवनेश्वर एयरपोर्ट पर पहुंचने पर भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके बाद विशाल रैली में उनका काफिला संगीत महाविद्यालय पहुंचेगा। यहां पर वे ओडिशा के वरिष्ठ बुद्धिजीवी, सामाजिक संस्थाओं के मुखिया, विभिन्न आंदोलनकारियों एवं किसानों के साथ चर्चा करेंगे।