भूपेन हजारिका पर टिप्पणी कर फंसे कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे, केस दर्ज
असम के प्रख्यात गायक-संगीतकार और भारत रत्न से सम्मानित भूपेन हजारिका के खिलाफ टिप्पणी कर कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे मुश्किल में फंस गए हैं।
मोरिगांव (असम), प्रेट्र। असम के प्रख्यात गायक-संगीतकार और भारत रत्न से सम्मानित भूपेन हजारिका के खिलाफ टिप्पणी कर कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे मुश्किल में फंस गए हैं। यहां के एक थाने में खड़गे के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
मोरिगांव के पुलिस अधिक्षक स्वप्ननिल डेका ने कहा कि आरटीआइ कार्यकर्ता राजू महंत की शिकायत पर मोरिगांव थाने में खड़गे के केस दर्ज किया गया है। खड़गे पर असम के लोगों की भावनाओं को आहत करने का आरोप लगाया गया है।
खड़गे ने भूपेन हजारिका को भारत रत्न दिए जाने पर सवाल उठाया था। शनिवार को उन्होंने कहा था कि लिंगायत पीठ के संत शिवकुमार स्वामी को भारत रत्न न देकर केंद्र सरकार ने एक गायक (भूपेन हजारिका) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की विचारधारा का प्रचार करने वाले व्यक्ति (नानाजी देशमुख) को भारत रत्न के लिए चुना है।
वहीं, महंत ने कहा कि खड़गे के बयान से असम और यहां के लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंची है। उन्होंने लोकसभा में कांग्रेस नेता खड़से से माफी मांगने की अपील की है।