विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 03, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Politics: कांग्रेस का पीएम मोदी पर पलटवार, कहा- लोगों ने उनकी सरकार से कहा था 'तुमसे ना हो पाएगा'

By Agency Edited By: Jeet Kumar
Published: Wed, 03 Jul 2024 06:00 AM (IST)

कांग्रेस ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर लोकसभा में अपने संबोधन के दौरान पार्टी की तीखी आलोचना करने पर ...और पढ़ें

खरगे ने सालाना दो करोड़ नौकरियों को लेकर पीएम मोदी पर साधा निशाना
खरगे ने सालाना दो करोड़ नौकरियों को लेकर पीएम मोदी पर साधा निशाना

HighLights

  1. खरगे ने कहा- जनभावना समझिये, तानाशाही छोडि़ए
  2. सालाना दो करोड़ नौकरियों को लेकर पीएम मोदी पर साधा निशाना

पीटीआई, नई दिल्ली। कांग्रेस ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर लोकसभा में अपने संबोधन के दौरान पार्टी की तीखी आलोचना करने पर पलटवार करते हुए कहा कि उन्होंने अपने भाषण में ''तुमसे न हो पाएगा'' का जिक्र किया जबकि 140 करोड़ भारतीयों ने हाल ही में संपन्न आम चुनावों में उनकी सरकार से यही बात कही थी।

प्रधानमंत्री मोदी ने विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर तीखा पलटवार करते हुए उन्हें ''बालक बुद्धि'' कहा था और उन पर हिंदुओं को हिंसा से जोड़ने और लोकसभा में झूठे दावे करने का आरोप लगाया था।

मल्लिकार्जुन खरगे ने पीएम मोदी पर साधा निशाना

खरगे ने एक्स पर लिखा- मोदी जी, अपने भाषण में आपने ''तुमसे ना हो पाएगा'' का जिस तरह से जिक्र किया, वही बात 140 करोड़ भारतियों ने इस चुनाव में आपकी सरकार से कही थी। अन्नदाता किसानों ने आपके आय को दोगुना करने वाले झूठे वादों के खिलाफ वोट डालते हुए कहा-तुमसे ना हो पाएगा। दर-दर भटकते करोड़ों युवाओं ने आपके ''सालाना दो करोड़ नौकरियां'' देने के दावों के खिलाफ वोट डालते हुए कहा- तुमसे ना हो पाएगा।

जनता की भावना को समझिये, तानाशाही छोडि़ए- खरगे

इस देश के दलित, आदिवासी, पिछड़े, अल्पसंख्यक व गरीब वर्ग ने आपके ''सबका साथ, सबका विकास'' के नारे के खिलाफ वोट डालते हुए कहा- तुमसे ना हो पाएगा। निरंतर हिंसा, दमन और चरित्र हनन से त्रस्त देश की हर पीड़ित महिला ने आपके ''बेटी बचाओ'' के विज्ञापनी शोर के खिलाफ वोट डालते हुए कहा- तुमसे ना हो पाएगा। देश के हर निम्न व मध्यम वर्ग के परिवार के हर सदस्य ने आपके ''अच्छे दिन'' के जुमले के खिलाफ वोट डालते हुए कहा- तुमसे ना हो पाएगा। जनादेश का अपमान तो मोदी जी आपने किया है। जनता की भावना को समझिये, तानाशाही छोडि़ए।

पीएम मोदी को किसान-विरोधी तीन काले कानून वापस लेने पड़े थे- खरगे

एक अन्य पोस्ट में खरगे ने कहा कि आप कांग्रेस को परजीवी की संज्ञा दे रहे हैं। आठ फरवरी 2021 को आपने संसद में पूरे देश का पेट भरने वाले किसानों को भी यही शब्द यानी परजीवी कहा था। आपने किसानों के अपने अधिकारों के लिए साल भर के संघर्ष को गाली दी थी। उसके आगे आपकी तानाशाह सरकार को झुकना पड़ा था और किसान-विरोधी तीन काले कानून वापस लेने पड़े थे। आज आपने उसी शब्द का इस्तेमाल कांग्रेस पार्टी के लिए किया है, ये कांग्रेस पार्टी के लिए गाली नहीं है।

आगे कहा कि अन्नदाताओं के साथ राष्ट्रनिर्माण में कुर्बान हो जाना हमारे लिए गर्व की बात है। कांग्रेस के अनेकों नेताओं ने इस देश के लिए अनगिनत कुर्बानियां दी हैं। हमारे नेताओं ने इस देश को अपने खून-पसीने से बनाया है। आप कांग्रेस पर सेना के मनोबल को कम करने का झूठा, बेबुनियाद और भद्दा आरोप लगा रहे हैं? कांग्रेस इस देश के किसानों और जवानों के साथ है और रहेगी, आप अपनी तानाशाही से इस देश की मजबूत विरासत को हिला नहीं सकते।

साथ ही एक्स पर लिखा कि कांग्रेस ने पंडित नेहरू, बाबासाहेव डा. अंबेडकर और सरदार पटेल सहित बेहद सम्मानित महान विभूतियों के साथ मिलकर देश का संविधान रचा है। इस देश में लोकतंत्र के मूल्यों को बचाने के लिए कांग्रेस पार्टी भाजपा से हर गाली खाने को तैयार है।