वायरल वीडियो पर बोले भूपेश ने कहा- मोदी और शाह के इशारे पर रमन ने रची राजनीतिक साजिश
बघेल ने कहा कि यह साजिश उन्हें और कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया को पद से हटाने के लिए हुई।
रायपुर, नईदुनिया, राज्य ब्यूरो। कांग्रेस नेताओं की सीडी और राजनांदगांव जिले की दो विधानसभा सीटों की सौदेबाजी वाला वीडियो वायरल होने के पांच दिन बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल मीडिया के सामने आए। उन्होंने इसे बदले की राजनीति करार दिया। इसके पीछे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह का हाथ होने की बात कही। उन्होंने कहा कि मोदी और शाह के इशारे पर मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने राजनीतिक साजिश रची।
बघेल ने कहा कि यह साजिश उन्हें और कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया को पद से हटाने के लिए हुई। भाजपा इसे ब्रह्मास्त्र की तरह देख रही, लेकिन कांग्रेस ने उनके सारे हथियारे भोथरे कर दिए। पीसीसी अध्यक्ष ने यह भी कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर केवल इसी वीडियो नहीं, बल्कि इसके पहले आई सारी सीडी की सिटिंग जज की निगरानी में एसआइटी (विशेष जांच दल) से जांच कराई जाएगी।
कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में बघेल ने पत्रकार वार्ता में कहा कि पिछले कुछ दिनों से तीन वायरल वीडियो की चर्चा है, वे अस्वस्थ थे, इसलिए उसका जवाब नहीं दे पाए। भाजपा की राजनीतिक साजिश की जड़ पुनिया का वह बयान है, जिसमें कहा था कि उन्होंने शराब कारोबारी विजय माल्या को लंदन भागने से पहले संसद के सेंट्रल हॉल में वित्तमंत्री अस्र्ण जेटली के साथ देखा था। इससे मोदी और शाह की पोल खुल गई। दोनों तिलमिला गए। इसके बाद छत्तीसगढ़ आए मोदी का कांग्रेसियों ने काले झंडे दिखाकर विरोध किया। यह आग में घी डालने का काम हुआ। इससे मोदी और शाह झुंझला गए। सीडी और ब्लैकमेलिंग भाजपा का पुराना हथियार रहा है। 15 साल में भाजपा सरकार को यह लगने लगा है कि वह सर्वशक्तिमान हो चुकी है। इस कारण तानाशाह और आपराधिक सोच हो गई है।
हो सकता है एक और झीरम कांड
बघेल ने कहा कि पिछले चुनाव के पहले कांग्रेस नेताओं पर झीरम घाटी में कथित नक्सली हमला हुआ, जो निर्मत राजनीति का हिस्सा था। भाजपा राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों को रास्ते से हटाने के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार है। बघेल ने सीधे आरोप लगाया कि डॉ. रमन सिंह और उनके इर्दगिर्द बैठे अफसर उन्हें किसी भी तरह से पद से हटाना चाहते हैं। एक और झीरम कांड भी हो सकता है।
कांग्रेस सरकार कराएगी सभी सीडी की जांच
बघेल ने कहा कि वे मौन रहे, तो उन्हें कमजोर न समझें। उन्होंने दो टूक कहा कि कांग्रेस सरकार केवल इसी सीडी की नहीं, अंतागढ़ टेपकांड, इंदिरा प्रियदर्शनी बैंक घोटाले में मैनेजर उमेश सिंह के नार्को टेस्ट की सीडी और झीरम कांड की सीडी, नान घोटाला, अगुस्ता की भी जांच कराएगी। बघेल ने कहा कि अंतागढ़ टेपकांड में न केवल डॉ. रमन सिंह, बल्कि उनके दामाद डॉ. पुनित गुप्ता, पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी और उनके पुत्र व विधायक अमित जोगी को जेल जाना होगा।