मणिपुर चुनाव की तैयारी में जुटी कांग्रेस, यौन उत्पीड़न केस में फंसे सांसद बिमोल को तीन समितियों में जगह
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने 24 सदस्यीय प्रदेश चुनाव समिति गठित की है। इसमें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री इबोबी सिंह को अध्यक्ष बनाया गया है।

मणिपुर चुनाव की तैयारी में जुटी कांग्रेस (फोटो- पीटीआई)
HighLights
कांग्रेस सांसद व जोएनयू के प्रोफेसर बिमोल अकोइजाम पर यौन उत्पीड़न का आरोप
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने 24 सदस्यीय प्रदेश चुनाव समिति गठित की है।
पीटीआई, नई दिल्ली। कांग्रेस ने बुधवार को मणिपुर में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के तहत विभिन्न चुनावी समितियों का गठन किया।
पार्टी ने सांसद और जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) के प्रोफेसर ए. बिमोल अकोइजाम को तीन महत्वपूर्ण समितियों में शामिल किया है।
अकोइजाम को हाल ही में यौन उत्पीड़न के आरोपों के बाद जेएनयू प्रशासन ने सेवा से बर्खास्त कर दिया था। उन्होंने इस कार्रवाई को विच हंट बताते हुए विश्वविद्यालय की प्रक्रिया पर सवाल उठाए थे।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने 24 सदस्यीय प्रदेश चुनाव समिति गठित की है। इसमें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री इबोबी सिंह को अध्यक्ष बनाया गया है।
सांसद अल्फ्रेड कन्नगम आर्थर और अकोइजाम भी इसके सदस्य हैं। इसके अलावा, 26 सदस्यीय प्रचार समिति की कमान लोकेश्वर सिंह को सौंपी गई है। इसमें भी दोनों सांसदों को शामिल किया गया है।
18 सदस्यीय घोषणापत्र समिति में गैखंगम को अध्यक्ष तथा सांसद अल्फ्रेड कन्नगम आर्थर और अकोइजाम को सह-अध्यक्ष बनाया गया है।
पार्टी ने 16 सदस्यीय मीडिया एवं प्रचार समिति का गठन भी किया है, जिसके अध्यक्ष एन. लोकेन सिंह होंगे। वहीं, चार सदस्यीय चुनाव प्रबंधन समिति की जिम्मेदारी एम. ओकेन्द्रो को दी गई है।
कांग्रेस ने प्रदेश इकाई में तीन अतिरिक्त महासचिव और एक सचिव भी नियुक्त किया है। गौरतलब है कि अकोइजाम के खिलाफ यौन उत्पीड़न के आरोपों की जांच चल रही है।
दिल्ली की एक अदालत ने पिछले सप्ताह निर्देश दिया था कि गिरफ्तारी की आवश्यकता पड़ने पर पुलिस उन्हें सात कार्यदिवस पहले लिखित नोटिस देगी।
दो नवंबर को दिल्ली हाई कोर्ट ने अकोइजाम की बर्खास्तगी के जेएनयू के फैसले पर रोक लगा दी थी। मामले की अगली सुनवाई जनवरी में निर्धारित है।