Move to Jagran APP

UP Assembly Election: छत्तीसगढ़ के सीएम बघेल के फार्मूले पर तैयार होगा उप्र में कांग्रेस का प्रचार अभियान

UP Assembly Election कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश चुनाव के लिए जो सात वचन तैयार किए हैं उनकी सलाह बघेल ने ही दी थी। छत्तीसगढ़ की तर्ज पर उत्तर प्रदेश में भी कांग्रेस सात वचन के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी।

By Sanjeev TiwariEdited By: Published: Tue, 12 Oct 2021 07:42 PM (IST)Updated: Wed, 13 Oct 2021 07:32 AM (IST)
उप्र के प्रत्येक विस क्षेत्र में बाहरी नेता होंगे पर्यवेक्षक, बघेल को करेंगे रिपोर्ट (फाइल फोटो)

मृगेंद्र पांडेय, रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के फार्मूले पर कांग्रेस उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार अभियान तैयार करेगी। छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस ने प्रचार की जो योजना बनाई थी, कमोवेश उसे ही लागू किया जाएगा। इसे लेकर पिछले दिनों लखनऊ के दौरे पर गए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ कौल हाउस में करीब एक घंटे तक चर्चा हुई। इसमें यह तय किया गया कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में बाहरी राज्यों के नेता पर्यवेक्षक नियुक्त किए जाएंगे, जिनकी रिपोर्टिग सीधे बघेल को होगी। कांग्रेस के उच्च पदस्थ सूत्रों की मानें तो 403 विधानसभा क्षेत्रों में पर्यवेक्षक नियुक्त होंगे, जो तीन महीने तक संबंधित विधानसभाओं का जिम्मा संभालेंगे।

loksabha election banner

केंद्र की राजनीति में मुख्यमंत्री बघेल के बढ़ते दखल का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश चुनाव के लिए जो सात वचन तैयार किए हैं, उनकी सलाह बघेल ने ही दी थी। छत्तीसगढ़ की तर्ज पर उत्तर प्रदेश में भी कांग्रेस सात वचन के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी। इसमें किसानों से धान की खरीदारी 2500 रुपये प्रति क्विंटल, बिजली बिल हाफ जैसे वचन को शामिल किया जाएगा। हर विधानसभा क्षेत्र में चुनाव अभियान के संचालन के लिए अलग-अलग वार रूम बनाया जाएगा। इसमें चुनाव प्रचार से लेकर बूथ मैनेजमेंट पर फोकस किया जाएगा। बताया जा रहा है कि अगले एक महीने में इसे पूरा कर लिया जाएगा।

भूपेश बघेल ने लखनऊ से लौटने के बाद मीडिया से चर्चा में कहा कि उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ सरकार से वहां के नौजवान, किसान, महिलाएं, अनुसूचित जाति वर्ग के लोग व व्यापारियों समेत सभी वर्ग के लोग नाराज हैं। प्रारंभिक रूप से जो देखने को मिला है, उससे योगी सरकार का जाना तय लग रहा है। उत्तर प्रदेश में किसान और महिलाएं त्रस्त दिख रही हैं।

कांग्रेस निकालेगी प्रतिज्ञा रैली

कांग्रेस उत्तर प्रदेश में प्रतिज्ञा रैली निकालेगी। हर संभाग में यह रैली आयोजित की जाएगी। मुख्यमंत्री बघेल ने प्रियंका गांधी वाड्रा से हुई बैठक को लेकर कहा कि जनता के बीच जिन मुद्दों को लेकर जाना है, उस पर चर्चा हुई है। कांग्रेस की ओर से जो यात्राएं निकाली जानी हैं, उन्हें लेकर चर्चा की गई है। जनता के बीच कांग्रेस शासित राज्य सरकारों के किए कार्यो की जानकारी देंगे।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.